‘रंग दे बसंती’, ‘आहिस्ता आहिस्ता’, ‘खोया खोया चांद’, ‘साहब, बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स’ सहित कई फिल्मों में अभिनय कर चुकी फिल्म अभिनेत्री सोहा अली खान सोमवार को लखनऊ में थीं। हालांकि मातृत्व की जिम्मेदारियों के कारण सोहा कुछ समय से फिल्मों में नजर नहीं आ रही हैं, लेकिन जल्द ही वे वापसी करेंगी। इसके साथ ही वह फिल्म निर्माण भी आरंभ कर रही हैं। अपने निजी कार्य से राजधानी आई सोहा से बातचीत के प्रमुख अंश:
सवाल - क्या आपने फिल्मों में काम करना छोड़ दिया है?
जवाब - मैंने कभी ये नहीं कहा कि मैं फीचर फिल्म में काम नहीं करूंगी लेकिन अभी फिल्मों में काम करना थोड़ा मुश्किल हो गया है। मेरी बेटी इनाया बहुत छोटी है। हालांकि, अभी मैंने एक लघु फिल्म ‘साउंडप्रूफ’ की है जो फिल्म महोत्सवों में दिखाई जा रही है। ‘साहब, बीवी और गैंगस्टर 3’ जुलाई में प्रदर्शित हो रही है। दो पटकथाएं मैंने पसंद की हैं जिसका फिल्मांकन दो महीने बाद शुरू होगा। फिलहाल मेरे लिए आयोजनों में शामिल होना आसान है क्योंकि मैं एक दिन में घर वापस जा सकती हूं। दो-तीन महीने बाद मैं पूरा काम करने के लिए तैयार हूं। हालांकि, पटकथाएं पसंद न आए तो मेरे लिए काम करने की मजबूरी नहीं है। मैं यात्राएं करना चाहती हूं, अपनी बेटी और परिवार के साथ वक्त बिताना चाहती हूं।