यूपी के जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव परिणाम घोषित हो चुके हैं। जिसमें भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए 75 में से 67 सीटों पर कब्जा जमाया है।
वहीं, जिपं अध्यक्ष के पिछले चुनाव में 63 सीटें जीतने वाली समाजवादी पार्टी महज पांच जिलों में ही सिमटकर रह गई। वहीं, कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकीं। बसपा ने चुनाव ही नहीं लड़ा। चुनाव के दौरान लखनऊ, बलिया, प्रतापगढ़, संतकबीरनगर, अयोध्या में विवाद की स्थिति बनी और सपाइयों ने हंगामा किया।
जिपं अध्यक्ष चुनाव में 22 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। शनिवार को 53 सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने 46, सपा ने चार सीटें जीतें। रालोद, जनसत्ता दल व निर्दलीय ने एक-एक जिलों में जीत दर्ज की।
राजधानी लखनऊ में भाजपा की आरती रावत अध्यक्ष निर्वाचित हुई। बाराबंकी, अयोध्या, रायबरेली व अमेठी में भी भाजपा का कब्जा रहा। सपा को एटा, इटावा, आजमगढ़, संतकबीर नगर और बलिया में जीत मिली। बागपत में सपा के सहयोगी रालोद की उम्मीदवार ममता जयकिशोर निर्वाचित हुई हैं। जौनपुर में बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी डॉ. श्रीकला रेड्डी और प्रतापगढ़ में जनसत्ता दल की माधुरी पटेल अध्यक्ष निर्वाचित हुई है।