चारबाग रेलवे स्टेशन पर शनिवार को आरपीएफ की मनमानी व लापरवाही का खामियाजा एक मासूम को भुगतना पड़ा। आरपीएफ जवान ने खाना पका रही महिला के कुकर पर लात मार दी, जिससे उसमें उबल रही दाल एक साल के मासूम पर गिर गई और वह झुलस गया। आनन-फानन उसे अस्पताल ले जाया गया।
चारबाग स्टेशन पर अवैध रूप से रहने वालों के खिलाफ शनिवार को आरपीएफ इंस्पेक्टर के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। स्टेशन परिसर में बने शौचालय के बगल में रेखा परिजनों के साथ छोटे सिलेंडर पर खाना पका रही थी। उसका एक वर्षीय मासूम राजू भी वहीं खेल रहा था।
आरपीएफ की टीम ने गृहस्थी हटाने को कहा। इस बीच एक आरपीएफ कर्मी ने कुकर में पकाई जा रही दाल पर लात मार दी और गृहस्थी तितर-बितर कर दी। इससे दाल मासूम पर गिर गई। इससे उसका हाथ झुलस गया और फफोले पड़ गए। इस पर भी आरपीएफ कर्मी नहीं पसीजे और रेखा का सारा सामान उठाकर फेंक दिया।