फिल्म निर्देशक महेश भट्ट से 50 लाख की रंगदारी मांगने वाले को यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और मुंबई की क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार को लखनऊ के हुसैनगंज से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक संदीप साहू आशियाना के रजनीखंड में अम्रपाली कॉलोनी में किराए के फ्लैट में रह रहा था।
उसने 26 फरवरी को महेश भट्ट को फोन कर 50 लाख रुपये बैंक अकाउंट में जमा करने को कहा था। पैसे न जमा करने पर उनकी पत्नी सोनी राजदान और बेटी आलिया भट्ट को गोलियों से भून देने की धमकी दी थी।
संदीप ने महेश भट्ट के मोबाइल पर मैसेज कर धमकी को हल्के में न लेने की बात भी कही और खुद को यूपी के माफिया डॉन बबलू श्रीवास्तव गैंग का सदस्य बताया था। साथ में अपना बैंक अकाउंट नंबर भी दिया था। महेश ने बुधवार शाम मुंबई के जुहू थाने में आईपीसी की धारा 387 के तहत एफआईआर दर्ज कराई थी।
मुंबई पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर यूपी एसटीएफ से मदद मांगी और क्राइम ब्रांच के असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर (एपीआई) अरविंद पवार को लखनऊ भेजा। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित पाठक ने अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी और पुलिस उपाधीक्षक पीके मिश्रा की टीम को इस काम में लगाया।
मुंबई क्राइम ब्रांच और एसटीएफ की टीम ने सुबह 11 बजे छापा मारकर हुसैनगंज के ओसीआर बिल्डिंग के बाहर पेट्रोल पंप के पास से युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वह मोबाइल फोन बरामद कर लिया है जिससे संदीप ने महेश भट्ट को फोन और मैसेज किया था। उन्हें किया गया मैसेज भी ट्रेस कर लिया गया है।
विज्ञापन
2 of 6
फिल्में देख कर मिला रंगदारी मांगने का आइडिया
आरोपी ने बताया कि उसने कई एक्शन फिल्में देखी थी। इसी से इस तरह का आइडिया आया और वह बड़े लोगों को फोन पर धमकियां देने लगा। एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि संदीप आठवीं फेल है लेकिन वह इंटरनेट सर्फिंग और मोबाइल एप का अच्छा जानकार है। उसने फिल्मी हस्तियों का नंबर भी मोबाइल एप और इंटरनेट के जरिए हासिल किया। एसटीएफ का उसके पास से दो मोबाइल, पीएनबी का एटीएम कार्ड, डीएल और पैनकार्ड मिला है। मोबाइल से सैकड़ों नंबर मिले हैं जो फिल्मी हस्तियों के नाम से सेव हैं।
विज्ञापन
3 of 6
शाहरुख, सैफ और करण जौहर को भी फोन पर दे चुका है धमकी
संदीप ने बताया कि वह अभिनेता शाहरुख खां, सैफ अली खां और करण जौहर को भी फोन पर धमकी दे चुका था और मैसेज भी भेज चुका था। शाहरुख की मैनेजर करुणा को भी उसने खुद को बबलू श्रीवास्तव गैंग का बड़ा अपराधी बताया था। जब सैफ और करण जौहर की ओर से कोई रिएक्शन नहीं मिला तो उसने महेश को फोन किया। फोन पर धमकाने के बाद मैसेज कर कहा, इसे सिर्फ धमकी मत समझना और हल्के में मत लेना। एसटीएफ के अधिकारियों की मानें तो संदीप के पास से बालीवुड के दर्जनों अभिनेता, अभिनेत्री, मैनेजर, फिल्म निर्देशकों के नंबर मिले हैं। हालांकि ये नंबर कितने सही हैं, एसटीएफ इसकी छानबीन कर रही है।
4 of 6
ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले जा रही पुलिस
एसटीएफ ने हुसैनगंज थाने में आरोपी को दाखिल किया है, जहां से उसे कोर्ट में पेश किया गया। सीजेएम संध्या श्रीवास्तव ने आरोपी को मुंबई कोर्ट में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड मंजूर की है। मुंबई पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मुंबई जा रही है। क्राइम ब्रांच का सहयोग करने वाले एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी का अभी तक कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है और न ही बबलू श्रीवास्तव से उसका कोई कनेक्शन मिल पाया है।
विज्ञापन
5 of 6
यूपी और मुंबई पुलिस को महेश ने कहा- शुक्रिया
धमकी की एफआईआर पर हुई त्वरित कार्रवाई से फिल्म निर्देशक महेश भट्ट खुश हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के अपने ट्विटर हैंडिल पर लिखा है कि जिस युवक ने पैसे के लिए फोन किया था और मेरे परिवार को धमकी दी उसे यूपी पुलिस और मुंबई पुलिस ने पकड़ लिया है। यूपी और मुंबई पुलिस के प्रति आभार।
फिल्मों में काम करने का था शौक
पूछताछ में संदीप ने बताया कि वह आठवीं फेल है और उसकी ख्वाहिश हीरो बनने की थी। वह कई बार मुंबई गया लेकिन किसी बड़े कलाकार से मुलाकात नहीं हो पाई। टीवी शो के कलाकारों से मिलकर वह वापस आ जाता था। एसटीएफ का दावा है कि वह कपिल शर्मा के कॉमेडी शो में भी हिस्सा ले चुका है। उसने अमीनाबाद में एक कपड़े की दुकान पर 5-6 साल काम किया। गंज में साहू फाइनेंस में कलेक्शन एजेंट के रूप में नौकरी की। 2015 में यह काम छोड़कर अपने रिश्तेदारों से सात लाख रुपये उधार लेकर आशियाना में जूतों का शो रूम खोल लिया। दुकान नहीं चलने और कर्ज बढ़ते रहने की वजह से चार महीने बाद ही उसने दुकान बंद कर दी। तब तक कर्ज बढ़ कर 12 लाख रुपये हो चुका था। इसके बाद वह मुंबई में अपने दोस्त के पास चला गया। उसका दोस्त मोबाइल की एक दुकान में काम करता था। मुंबई में काम की भीख मांगी लेकिन कामयाबी नहीं मिली। वह लखनऊ आ गया। पुलिस को पूछताछ में संदीप ने बताया कि कर्ज की वजह से उसका कैंट स्थित मकान बिक गया। इसके बाद आशियाना में किराए का मकान लिया। पिता शिवनारायण साहू पास में ही एक कैटरर के यहां मजदूरी करते हैं।