यूपी पुलिस में सिपाही के 60,244 पदों पर सीधी भर्ती के लिए शुक्रवार को आयोजित परीक्षा की पहली पाली के बाद अभ्यर्थियों ने कहा कि इस बार परीक्षा केंद्रों के अंदर भी कड़ी निगरानी की जा रही है। परीक्षा केन्द्र में प्रवेश से पहले उनकी तलाशी भी सख्ती से हुई साथ ही एडमिट कार्ड का मिलान करते हुए आईडी से फोटो का भी मिलान किया गया है।
राजधानी लखनऊ में 81 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। इसके लिए 39062 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से 10947 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 28115 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस दौरान प्रशासन परीक्षा को सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह सक्रिय नजर आया। यूपी डीजीपी प्रशांत कुमार खुद लखनऊ के गोमती नगर स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज में परीक्षा और सुरक्षा की तैयारी का जायजा लेने पहुंचे।