सोने के गहने खरीदने पर उसकी गुणवत्ता को लेकर रहने वाली आशंका जल्द खत्म हो जाएगी। इसका कारण है कि एक जून से सभी सराफा कारोबारी हॉलमार्क के ही गहने बेचेंगे। वे सोने की शुद्धता की गारंटी भी देंगे।
नई व्यवस्था में ग्राहक ब्रांडेड कंपनी के शोरूम से सोने के गहने खरीदें या अन ब्रांडेड कारोबारी के शोरूम से, उन्हें एक समान कीमत ही चुकानी पडे़गी। अभी दोनों के गहनों की कीमत में प्रति दस ग्राम तीन से चार हजार रुपये का अंतर रहता है।
ग्राहकों पर बढ़ेगा 35 रुपये प्रति गहने का बोझ
कारोबारी सोने के गहने की हॉलमार्किंग की लागत ग्राहकों से ही वसूलेंगे। इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष व चौक के कारोबारी अनुराग रस्तोगी ने बताया कि एक गहने की हॉलमार्किंग की लागत 35 रुपये आएगी। ऐसे में ग्राहक जितने आइटम खरीदेंगे, उन्हें 35 रुपये के रेट से अतिरिक्त रकम चुकानी पड़ेगी।