भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) जून में सात ज्योतिर्लिंग की यात्रा कराएगा। यह यात्रा 2 से 13 जून तक चलेगी। इसका टूर पैकेज शुक्रवार को लॉन्च किया गया। इस पैकेज के तहत पैसेंजर लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, गोरखपुर, वाराणसी, आगरा और झांसी से यात्रा कर सकेंगे। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि यह पैकेज 11 रात व 12 दिन का होगा। इसकी कीमत 11,340 रुपये रखी गई है। इसमें तीनों समय शाकाहारी भोजन, स्लीपर क्लास की यात्रा, स्थानीय भ्रमण व रुकने की व्यवस्था शामिल है। पैकेज में आईआरसीटीसी ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, सोमनाथ, नागेश्वर, त्रयंबकेश्वर, भीमाशंकर और घृष्णेश्वर ज्योर्तिलिंग की सैर कराई जाएगी। इसके अतिरिक्त द्वारिका में द्वारिकाधीश मंदिर, अहमदाबाद में साबरमती आश्रम, शिरडी में साईं मंदिर के दर्शन भी पैसेंजरों को कराए जाएंगे। पैकेज से संबंधित जानकारी गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन में आईआरसीटीसी मुख्यालय से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए हेल्पलाइन नं. 9794863619 व 9794863629 जारी किया गया है।