फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम अपडेट: यूपी में आज से कमजोर पड़ेगा 'अर्नब तूफान' का असर, तीन दिन में 7 डिग्री तक चढ़ेगा पारा

Sat, 31 Oct 2026 09:03 AM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

उत्तर प्रदेश में सक्रिय अर्नब तूफान और पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कमजोर होने लगा है। इससे बारिश थमने और मौसम साफ होने की संभावना है। अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने बारिश से प्रभावित किसानों और पीड़ितों को तत्काल राहत व मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
1 of 6
आज से कमजोर पड़ेगा 'अर्नब तूफान' का असर - फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अर्नब तूफान और पश्चिमी विक्षोभ का असर शनिवार से कमजोर होगा। इसके साथ ही बारिश थमेगी और मौसम साफ होने लगेगा। अगले तीन दिनों में दिन के तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इससे पहले शुक्रवार को भी अर्नब तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहा। पश्चिमी यूपी से पूर्वांचल व तराई तक रुक-रुक कर बारिश हुई। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया। ज्यादातर जिलों में दिनभर बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली और तापमान में भारी गिरावट के चलते ठंड का एहसास बना रहा।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 6
गरज-चमक के साथ हुई बारिश - फोटो : अमर उजाला

पश्चिमी यूपी में सबसे ज्यादा बरसे बादल

शुक्रवार को प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बारिश का ज्यादा असर देखने को मिला। बिजनौर में सर्वाधिक 99 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बागपत में 88 और मुजफ्फरनगर में 72.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में वाराणसी में 41.2, सोनभद्र में 41 और मऊ में 40 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तराई और पूर्वांचल के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
 
विज्ञापन

3 of 6
चक्रवाती तूफान अर्नब - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

10 जिलों में सामान्य से 9 से 10 डिग्री नीचे रहा पारा

बारिश और तेज हवाओं का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। प्रदेश के करीब दस जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ से दस डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया। मुजफ्फरनगर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से नौ डिग्री कम था। वहीं, नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
 

4 of 6
चक्रवाती तूफान अर्नब - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, शनिवार से प्रदेश में अर्नब तूफान का असर कमजोर पड़ने लगेगा। इसके साथ बारिश का दौर थमेगा और धीरे-धीरे मौसम साफ होने की संभावना है। बादल और बारिश कम होने से अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है। ऐसे में दिन में गर्मी बढ़ेगी, जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहेंगी।
 
विज्ञापन

5 of 6
सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : संवाद

बारिश से फसल नुकसान का तत्काल दें मुआवजा: योगी

शुक्रवार को हुई बारिश से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर किसानों को जल्द मुआवजा देने को कहा। साथ ही अतिवृष्टि से आर्थिक नुकसान, पशुहानि और मकान गिरने की घटनाओं में पीड़ितों को अनुमन्य सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
अर्नब चक्रवात के असर से बारिश हुई। खेतों में पानी भर गया। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीएम ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और मकान गिरने से बेघर हुए लोगों को राहत केंद्रों व शरणालयों में पहुंचाने को कहा। प्रभावित परिवारों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के साथ वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में रहकर राहत कार्यों की निगरानी और पीड़ितों से संवाद करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नुकसान के आकलन और सहायता पहुंचाने में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अनावश्यक घर से बाहर न निकलने देने की अपील की। लोगों को जर्जर मकानों, पेड़ों, टीन शेड और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें