लखनऊ के विभूतिखंड के कठौता चौराहे पर गैंगवार में मऊ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह की हत्या के पीछे बाहुबली पूर्व सांसद का हाथ होने के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अफसरों ने बताया कि अजीत पर गोलीबारी के दौरान घायल एक शूटर का पूर्व सांसद के कृष्णानगर के मानसनगर निवासी गुर्गे विपुल ने इलाज कराया था। वह उसे पूर्व सांसद के करीबी सुल्तानपुर निवासी डॉक्टर की क्लीनिक पर भी ले गया था। इस बीच तीन अन्य शूटरों को पूर्व सांसद ने उज्जैन के रास्ते मुंबई भेजा। पुलिस ने विपुल की तलाश में दबिश दी, पर वह भाग निकला। उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। फोन से उसकी व पूर्व सांसद की व्हाट्सएप चैट व कॉल के रिकॉर्ड मिले हैं।