सड़क हादसे में मृत हुए मटेरा निवासी सेना के जवान अबरार को बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम यात्रा में राजपूताना रेजिमेंट के जवान समेत जिले के आला अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान गार्ड ऑफ ऑनर देकर सेना के जवान और उनके परिजनों को दफन किया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
मटेरा थाना क्षेत्र के मटेरा चौराहा निवासी अबरार सेना में जवान थे और राजस्थान के उदयपुर में तैनात थे। मंगलवार की सुबह गुलाम हजरत (60) और बेटी हानिया (20 दिन) के इलाज के लिए कार से कमांड हॉस्पिटल लखनऊ जा रहे थे।
इस दौरान कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र में उनकी कार में डंपर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में फौजी अबरार के साथ-साथ उनके पिता गुलाम हजरत, बेटी हानिया, मां फातिमा बेगम (56) और दोस्त चांद की मौत हो गई थी। वहीं पत्नी रुकैया बेगम (22) गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनका इलाज जारी है।