राममंदिर निर्माण के साथ ही रामलला का चढ़ावा भी चार गुना बढ़ गया है। पहले रामलला के चढ़ावे की गिनती महीने में दो बार होती थी, वहीं अब रोजाना गिनती करनी पड़ती है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सूत्रों के अनुसार, रामलला को तीन साल में अब तक करीब 5500 करोड़ का दान मिल चुका है। हर माह विभिन्न माध्यमों से भक्तों की ओर से करीब एक करोड़ का निधि समर्पण किया जा रहा है।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने बताया कि 15 जनवरी मकर संक्रांति 2020 से रविदास जयंती 27 फरवरी तक श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से पूरे देश में निधि समर्पण अभियान चलाया गया था। इस अभियान के जरिए देश के हर वर्ग से 10, 100, 1000 के कूपन के जरिए भक्तों ने मंदिर निर्माण के लिए अपना योगदान दिया था। निधि समर्पण अभियान की ऑडिट रिपोर्ट में बताया गया था कि करीब 42 दिन के इस अभियान में देश भर से मंदिर निर्माण के लिए 3500 करोड़ एकत्र हुए थे।