अवधपुरी प्रभु आवत जानौ, भई सकल सोभा खानि... रामचरित मानस में वर्णित लंका विजय के बाद प्रभु के मां सीता व लक्ष्मण के साथ अयोध्या आगमन की सूचना से अयोध्या चमक रही है। बुधवार को इसका साक्षी बनने लिए रामनगरी सज-धजकर तैयार है। चारों तरफ खुशी का माहौल है। सभी लोग अब प्रभु के आगमन की प्रतीक्षा में हैं।
बुधवार को हेलीकॉप्टर से प्रभु राम, मां सीता और लक्ष्मण के स्वरूप पवित्र सरयू के तट पर अवतरित होंगे। वशिष्ठ के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम-सीता लक्ष्मण की अगवानी करेंगे तो कार्यक्रम की अध्यक्षता कर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल प्रभु राम के स्वागत की पलक पांच बिछाए बेसब्र नजर आएंगी।