खुद से जीतने की जिद है, मुझे खुद को ही हराना है, मैं भीड़ नहीं दुनिया की, मेरे अंदर एक जमाना है।
युवा लखनऊ का चेहरा कहिए या फिर स्मार्ट सिटी की पहचान, हमारी बेटियां हैं ही ऐसी। अलहदा है इनके जीने का अंदाज। अपनी जिंदगी को इन्होंने एक अलग दिशा दे रखी है। इनके जीने के तरीके को देखकर आप भी अपनी जिंदगी से खौफ शब्द को निकाल फेकेंगे और जिंदादिली से जीना सीख जाएंगे। आइए, इनके हौसले और जुनून को करते हैं सलाम। पेश है रोली खन्ना की रिपोर्ट...
Trending Videos
विज्ञापन
2 of 9
अपराजिता
- फोटो : amar ujala
गुनगुनाती बांसुरी
बांसुरी वादन का जिक्र आते ही जेहन में नाम आता है प्रख्यात बांसुरीवादक हरिप्रसाद चौरसिया और उनके बाद उनकी शिष्या देवप्रिया और रसिका का। इसी राह पर चल पड़ी हैं लखनऊ की बेटी अल्का ठाकुर। बांसुरी वादन में एमपीए करने वाली पहली महिला हैं अल्का। वह छह साल की उम्र से ही बांसुरी बजा रही हैं। उनके पापा खुद एक संगीतकार हैं और बांसुरी, हारमोनियम समेत कई वाद्यों पर उनकी पकड़ है। अल्का बताती हैं, पापा को बांसुरी बजाते देखा करती थी। कहीं पापा डांटें नहीं इस डर से छुप-छुप कर बजाती थी। एक दिन मां ने देख लिया और पापा को बता दिया। पापा ने बजाने को कहा तो मैंने बांसुरी पर ओम जय जगदीश हरे... सुनाया। उसके बाद से पापा हमें सिखाने लगे। फिर मेरा एडमिशन भातखंडे में करा दिया, लेकिन जब बांसुरी वादन में कॅरिअर बनाने की बात कही तो उन्होंने मना कर दिया। हालांकि मेरी लगन देखकर बाद में उन्होंने अनुमति दे दी। अब मैं पीएचडी करूंगी। राइजिंग स्टार में शंकर महादेवन के साथ जुगलबंदी करने वाली अल्का कहती हैं कि मैं मंच पर तो प्रस्तुति दे ही रही हूं, पर मकसद स्टूडेंट्स को सिखाना है। कोई भी लड़की जो बांसुरी सीखना चाहती है और फीस के लिए पैसे नहीं हैं, तो उसे निशुल्क सिखाऊंगी। (तस्वीर में- अल्का ठाकुर)
विज्ञापन
3 of 9
अपराजिता
- फोटो : amar ujala
फिटनेस क्रांतिकारी
टेक्सटाइल डिजाइनर, कथक डांसर, कॉरपोरेट योगा टीचर...। और न जाने क्या-क्या है उनकी पहचान, पर वे खुद को फिटनेस क्रांतिकारी कहलाना पसंद करती हैं। नाम है मीनल द्विवेदी त्रिपाठी। कहती हैं, जागरूकता के तमाम दावों के बावजूद महिलाएं न तो अपने लिए वक्त निकालती हैं न ही अपनी सेहत पर ध्यान देती हैं। मैं महिलाओं में फिटनेस क्रांति लाना चाहती हूं, क्योंकि मैं अपनी सेहत को लेकर बहुत सतर्क रहती हूं। मीनल कहती हैं, नौकरी इसलिए छोड़ी क्योंकि पैशन कहीं खत्म होता जा रहा था। तब तक हम राजस्थान से लखनऊ आ चुके थे। मैं 3-3 घंटे तक अकेले घूमा करती थी, कई बार रात में भी निकल पड़ती। लोग कहते कि अकेले मत घूमो, पर यह एक सुरक्षित शहर है। बीते साल 15 अगस्त को आधी रात में फ्रीडम रन निकालने वाली मीनल शिवालिक में अल्ट्रा और लेह में फुल मैराथन पूरी करने वाली लखनऊ की एकमात्र महिला हैं। (तस्वीर में- मीनल द्विवेदी त्रिपाठी)
4 of 9
अपराजिता
- फोटो : amar ujala
रफ्तार की साथी
भाई को छोटी-छोटी चीजें लाने के लिए कहना पड़ता था तो वह नखरे दिखाता था। एक दिन खुद ही उसकी बाइक उठाई और सीखनी शुरू कर दी। फिर रॉयल एनफील्ड चलाने का मन किया तो यही पसंदीदा बाइक बन गई। बाइकरनी ग्रुप लखनऊ चैप्टर की प्राची की यही कहानी है। वे अपनी टीम की सदस्यों देविना, नीतू सिंह, नीतू यादव, अपूर्वा, सुमति व आयशा के साथ मिलकर बाइक राइडिंग के जरिए लोगों में सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण समेत कई तरह के संदेश दे रही हैं। ग्रुप की सभी सदस्य जॉब में हैं, लेकिन बाइकिंग के बहाने अपनी सोशल ड्यूटी पूरी कर रही हैं। कहती हैं, लोग हमें सुनते हैं, क्योंकि हम कुछ अलग तरीके से जाकर अपनी बात कहते हैं। बुर्का वाली राइडर
इसी ग्रुप की सदस्य हैं बुर्काराइडर आयशा आमीन। आयशा ने बुर्का पहनकर बाइकिंग का संदेश दिया। वे कहती हैं, मैं चार-पांच साल से बाइक चला रही हूं। मुझे कभी बुर्का पहनकर बाइक चलाने में दिक्कत नहीं हुई। आमतौर पर कहा जाता है कि हिजाब, बुर्का आपकी प्रगति में बाधा है, जबकि ऐसा होता नहीं है। अपनी परंपराओं के साथ भी हम आगे बढ़ सकते हैं। (तस्वीर में- प्राची जैन/आयशा आमीन/ देविना/ नीतू सिंह/नीतू यादव/ अपूर्वा/ सुमति अरोड़ा
विज्ञापन
5 of 9
अपराजिता
- फोटो : amar ujala
हौसला देती कविता
मां अचानक चल बसीं। दिल-दिमाग इसे बर्दाश्त नहीं कर सका और डिप्रेशन में चली गईं। कविता शर्मा का लंबा वक्त अवसाद में गुजरा। यूं ही पेंटिंग क्लास जॉइन कर ली। कैनवास और रंग के साथ धीरे-धीरे डिप्रेशन दूर होने लगा और कविता को किताबें पढ़ने में मजा आने लगा। कुछ कठिन हालात की वजह से पढ़ाई तो पीछे छूट गई, लेकिन हालात ने उन्हें इतना मजबूत बना दिया कि वह यू-ट्यूबर व मोटिवेशनल स्पीकर बन गईं। कविता कहती हैं, अवसाद के दौरान मुझे लगता था कि बस मैं बोलूं और बोलती जाऊं। ये विचार कविता में ढलते चले गए। धीरे-धीरे मैं दोस्तों के बीच बोलने लगी। मैंने यू-ट्यूब पर अपना वीडियो डाला, सबको पसंद आया। फॉलोअर्स बढ़े तो मेरा हौसला भी बढ़ गया। कविता को यू-ट्यूबर, मोटिवेशनल स्पीकर, फैशन ब्लॉगर, कवयित्री के रूप में जाना जाता है। कहती हैं कि नाम बस एक बार मिलता है, इसे इतिहास बना दीजिए। ( तस्वीर में- कविता शर्मा)
विज्ञापन
6 of 9
अपराजिता
- फोटो : amar ujala
यौन हिंसा के खिलाफ बुलंद कर रही आवाज
गोंडा में एक गरीब मुस्लिम परिवार में जन्मीं आफरीन खुद यौन हिंसा की शिकार हुई थीं। किशोरावस्था में हुई हिंसा ने उनके दिल-दिमाग को बुरी तरह प्रभावित किया। इस दौरान रेड ब्रिगेड की स्थापना हुई। वे संस्थापक सदस्यों में से एक हैं। संस्थान ने आत्मरक्षा की एक तकनीक विकसित की है, जिसे ‘निशस्त्र’ नाम दिया गया है। आफरीन इसकी मुख्य प्रशिक्षक हैं। इतना ही नहीं, यौन हिंसा के खिलाफ नुक्कड़ नाटक, धरना-प्रदर्शन के जरिए संदेश देने में भी आफरीन माहिर हैं। अब तक 600 से अधिक नुक्कड़ नाटकों के जरिए वह अपना संदेश लोगों तक पहुंचा चुकी हैं। (तस्वीर में- आफरीन)
विज्ञापन
7 of 9
अपराजिता
- फोटो : amar ujala
बदलाव की कविताएं
‘...आई एम डेथ, ही सैड, द सैडो आॅफ योर सायर’ कविता की पंक्तियां पढ़कर कहना मुश्किल है कि ये किसी स्टूडेंट्स ने लिखी हैं या किसी प्रोफेशनल कवि ने। पर ये रचना है एलयू की छात्रा शताक्षी सिंह की। मां को रोल मॉडल मानने वाली शताक्षी का पूरा फोकस पढ़ाई के साथ-साथ लेखन पर है। यही वजह है कि जब भी उनके पास समय होता है, वे सिर्फ और सिर्फ पढ़ती हैं। खास बात है कि उन्होंने खुद को किसी विशेष विषय से नहीं बांधा। फिक्शन भी पढ़ती हैं, नॉवेल भी और प्रेमचंद को भी। कहती हैं, यदि कुछ गंभीर लिखना हो और अपने सरोकार भी हों तो पढ़ना जरूरी है। कविताओं के संग्रह पर काम कर रहीं शताक्षी के मुताबिक, महिलाओं के हालात सुधरे हैं, पर अभी काफी कुछ किया जाना बाकी है। (तस्वीर में- शताक्षी सिंह)
8 of 9
अपराजिता
- फोटो : amar ujala
शब्दों की कलाकार
वैष्णवी का सपना मजिस्ट्रेट बनना है। एलएलएम करने के बाद उसी की तैयारी में जुटी हैं। बचपन से ही कविता लिखने का शौक है। समाज की विसंगतियां उन्हें विचलित करती हैं और वे शब्दों के रूप में उन्हें कागज पर उतारती हैं। कविता संग्रह ‘निशांत का दीप’ प्रकाशित हो चुका है। पिछले नौ साल से थियेटर करती आ रही हैं। ओडिशी नृत्य का पहला चरण पूरा कर लिया है। संस्कृत, हिंदी और अंग्रेजी में अब तक 8 नाटक कर चुकी हैं। इनमें से सबसे लोकप्रिय रहा संस्कृत नाटक, जिसके चार मंचन हो चुके हैं। इनमें से एक कुंभ में हुआ। वैष्णवी कहती हैं, ये बात खीझ पैदा करती है कि लोग अपने परंपरागत मूल्यों को छोड़कर वेस्टर्न की ओर भाग रहे, जबकि हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। दूसरा संस्कृति का सम्मान। हमें अपनी संस्कृति को नहीं भूलना चाहिए। वहीं, हमें महिलाओं के प्रति धारणा बदलनी होगी। कुरीतियां आज भी हैं, क्योंकि हम उन्हें ढो रहे हैं। हमें इन्हें छोड़ने का संकल्प लेना होगा। (तस्वीर में- वैष्णवी भीष्म)
छुटकी ब्लॉगर
मम्मी-पापा ने ध्यान नहीं दिया, पर धीरे-धीरे जब उन्होंने अक्षिता के बनाए चित्रों को सहेजना शुरू किया तो अस्तित्व में आया ब्लॉग 'पाखी की दुनिया'। देखते ही देखते करीब एक लाख से अधिक हिन्दी ब्लॉगों में इस ब्लॉग की रेटिंग बढ़ती गई। इस ब्लॉग पर 500 से अधिक पोस्ट प्रकाशित हो चुकी हैं। बच्चे ही नहीं बल्कि बड़ों में भी यह ब्लॉग बड़ा लोकप्रिय है। इस छोटी सी ब्लॉगर को उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए 2011 में बाल दिवस पर मात्र 4 साल आठ माह की आयु में आर्ट और ब्लॉगिंग के लिए राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पहला मौका था जब भारत सरकार ने ब्लॉगिंग की दुनिया में किसी को सम्मानित किया। 2013 में नेपाल में हुए अंतरराष्ट्रीय ब्लॉगर सम्मेलन में वह एकमात्र बाल ब्लॉगर थी। (तस्वीर में- अक्षिता यादव 'पाखी')