कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर अमेठी में हैं। सोमवार को उन्होंने जिले के गांव में ग्रामीणों के साथ चौपाल की और उनकी समस्याओं का समाधान किया। चौपाल में आने वाली एक-एक शिकायत को उन्होंने न सिर्फ स्वयं पढ़ा बल्कि अफसरों के हवाले कर उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
केंद्रीय मंत्री ने जिले के आला अधिकारियों के मौजूदगी में लोगों से यह भी जानने की कोशिश की कि शासन से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उन्हें कितना लाभ मिल रहा है। सांसद ने ग्रामीणों से ग्राम्य विकास, पंचायतीराज व समाज कल्याण समेत तमाम योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
स्मृति ने ग्रामीणों से गांव के विद्युतीकरण, आवास, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, स्वच्छ शौचालय निर्माण के अलावा प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कायाकल्प की भी जानकारी ली।