बसपा सांसद रितोश पाण्डेय और पत्नी कैथरीना
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर लोकसभा सीट से सांसद रितेश पाण्डेय और इंग्लैंड निवासी कैथरीना ने जन्म-जन्मांतर के लिए एक दूसरे का हाथ थाम लिया है। कैथरीना के साथ वैवाहिक बंधन में बंधने की जानकारी सांसद ने सोमवार को खुद फेसबुक पोस्ट के जरिए दी।
इसके बाद से उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। जलालपुर से विधायक रहे और मौजूदा समय में बसपा सांसद रितेश पाण्डेय ने सोमवार को फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा कि मुझे प्रसन्नता हो रही है कि मैंने और इंग्लैंड निवासी कैथरीना ने जीवनसाथी के रूप में आगे की यात्रा करने का निर्णय लिया है।
रितेश ने आगे लिखा कि उनके पिता इंग्लैंड में चिकित्सक हैं और कैथरीना मनोविज्ञान में शोध कर रही हैं। हम दोनों एक-दूसरे को कई वर्षों से जानते हैं। परिवार के बड़ों व अभिभावकों के आशीर्वाद से यह निर्णय लेने की जानकारी देते हुए रितेश ने कहा कि अभी पूरी दुनिया संकट के दौर में है। ऐसे में किसी आयोजन की संभावना नहीं है।
परिस्थितियों के अनुसार, आगे निर्णय लिया जाएगा तो सार्वजनिक किया जाएगा। शुभकामनाओं व आशीर्वाद की आकांक्षा व्यक्त करते हुए रितेश ने सभी के अच्छे स्वास्थ्य की मंगलकामना भी की। उधर, रितेश के वैवाहिक बंधन में बंधने की खबर मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के साथ ही अन्य माध्यमों से भी बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।