अयोध्या में सरयू तट स्थित लक्ष्मण किला में हो रही फिल्मी सितारों की रामलीला के कलाकारों ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए मंचन से जुड़े अपने अनुभवों, तैयारियों आदि को साझा किया। फिल्म अभिनेता बिंदु दारा सिंह ने कहा कि सही मायने में रामजन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण अयोध्या के सुंदरकांड का प्रारंभ है। अब तक तो अयोध्या सिर्फ विवाद व राजनीति का ही केंद्र रही है। अयोध्या को, अयोध्या जी कहकर बुलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर रामलीला मंचन करना सौभाग्य की बात है। हम जो यहां रामलीला कर रहे हैं, हमें श्रीरामजी ने ही बुलाया है। यहां आकर जो सुकून मिल रहा है वह कह नहीं सकते।