पेट्रोल लेने या चालान से बचने को हैंडल पर हेलमेट टांगकर दोपहिया वाहन चलाने वालों की अब खैर नहीं। चेकिंग कर रही पुलिस से बचे तो एएनपीआर कैमरे से ई-चालान होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने मंगलवार सुबह मॉडर्न पुलिस कंट्रोल रूम के औचक निरीक्षण के सीसीटीवी कैमरों से जुड़े कंप्यूटर की स्क्रीन पर यातायात नियमों का उल्लंघन करते नजर आए लोगों का ई-चालान कराया।
विज्ञापन
2 of 5
चालान
- फोटो : amar ujala
टीम को रोजाना कम से कम सौ ई-चालान के आदेश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को कैमरों से जुड़ी स्क्रीन पर प्रमुख चौराहों की गतिविधियों का जायजा लेने के साथ यातायात संचालन के निर्देश देते देखा। इस दौरान उनकी नजर मेडिकल कॉलेज चौराहे पर लगे कैमरे से जुड़ी स्क्रीन पर हैंडल पर हेलमेट टांगकर लाल टी-शर्ट पहने युवक पर टिकी। बोले- इस व्यक्ति ने चेकिंग कर रही पुलिस टीम से बचने व पेट्रोल लेने के लिए हैंडल पर हेलमेट टांग रखा है।
विज्ञापन
3 of 5
चालान
- फोटो : amar ujala
कप्तान के आदेश पर पुलिसकर्मियों ने बाइक के नंबर के आधार पर छानबीन की और कानपुर रोड स्थित एलडीए कॉलोनी निवासी नीरज मिश्रा के नाम से ई-चालान कर दिया। कलानिधि नैथानी ने कंट्रोल रूम की टीम को बगैर हेलमेट और हैंडल या बांह में हेलमेट टांगकर वाहन चलाने वालों को चिह्नित करके रोजाना कम से कम सौ ई-चालान करने के आदेश दिए। इसके बाद टीम ई-चालान करने में जुट गई।
4 of 5
चालान
- फोटो : अमर उजाला
घर पहुंचेगा नोटिस
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सख्ती और नो हेलमेट-नो पेट्रोल अभियान के चलते बड़ी संख्या में लोग हेलमेट लगाने लगे हैं। इनमें ऐसे भी हैं जो हैंडल या बांह में हेलमेट टांगकर निकलते हैं और चेकिंग होती देख उसे सिर पर लगा लेते हैं। ऐसे लोगों पर एएनपीआर कैमरों से कार्रवाई होगी। मॉडर्न पुलिस कंट्रोल रूम की टीम इनका ई-चालान करेगी। उस पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने का फोटो भी होगा। वाहन स्वामी के पते पर नोटिस भेजा जाएगा और 15 दिन में जुर्माना अदा न करने पर दंडात्मक कार्रवाई व वाहन जब्त करने के लिए कोर्ट में रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
चोरी की गाड़ियों पर रखें नजर
कप्तान ने मॉडर्न पुलिस कंट्रोल के अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पांडेय को डीसीआरबी से सामंजस्य स्थापित कर चोरी के वाहनों पर नजर रखने के निर्देश दिए। टोल प्लाजा, राज्यमार्ग व अन्य प्रमुख स्थानों पर वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर देखने की क्षमता वाले एनपीआर कैमरे लगाने को कहा। वाहन चोरी की सूचना पर जिला अपराध रिकार्ड ब्यूरो की ओर से मॉडर्न पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया जाएगा। वहां की टीम वाहन चोरी होने के स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालेगी और सही समय की जानकारी करने के साथ संबंधित मार्ग के अन्य कैमरों की फुटेज से बदमाश के भागने के रास्तों का पता लगाएगी। संबंधित थाने की टीम को जानकारी देकर बदमाशों की धरपकड़ में मदद की जाएगी।