कोरोना महामारी के बीच अच्छी खबरों की शुरुआत हो चुकी है। लॉक हुई इंडस्ट्री धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगी है। वेडिंग इंडस्ट्री से ऐसी ही अच्छी खबर मिली है। अभी कुछ दिनों तक एकदम खाली बैठे वेडिंग प्लानर बुकिंग का ओवरलोड बताकर, सुरक्षा और सेहत को प्राथमिकता देते हुए चुने हुए प्रोजेक्ट ही हाथ में ले रहे हैं। हालांकि उनकी मांग है कि शादी समारोह में शामिल होने वालों की संख्या 250 तक की जाए, क्योंकि कम संख्या के कारण बजट में कमी करनी पड़ी है। जिन्होंने गर्मियों की शादियां जाड़े में शिफ्ट की हैं, वे 100 लोगों से संतुष्ट तो हैं, लेकिन वेडिंग प्लानर कहते हैं कि उन्होंने बुकिंग को नवरात्र तक के लिए होल्ड कराया है। इस बीच समारोह में शामिल होने वालों की संख्या बढ़ाने की सरकार अनुमति देती है तो वे बुकिंग उसी तरीके से करवाएंगे। यह सुखद संकेत है कि शादी करने और करवाने वाले दोनों ही आयोजन में सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर बेहद सतर्क हैं। वहीं इस इंडस्ट्री में ये नई शुरुआत उनके लिए नई उम्मीद लेकर आई है, जिन्होंने साल भर पहले ही अपना काम शुरू किया था और लॉकडाउन ने उनके सपनों को लॉक कर दिया था। लोग अब खुले स्थान पर शादी पसंद नहीं कर रहे हैं। बदलते वेडिंग प्लान, वेडिंग इंडस्ट्री में उल्लास को लेकर एक रिपोर्ट।