स्वस्थ जीवन के लिए बालपन को आधार माना जाता है। इस समय पोषण, सेहत पर विशेष ध्यान, खान-पान और व्यायाम को लेकर माता-पिता को विशेष अलर्ट रहने की सलाह दी जाती है। अध्ययन बताते हैं कि जिन लोगों को बचपन में पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता है, उनमें आगे चलकर निरंतर कोई न कोई समस्या बनी रहती है। बचपन और युवावस्था के दौरान शरीर में तेजी से विकास हो रहा होता है, ऐसे में उचित पोषण का ध्यान रखना बहुत आवश्यक हो जाता है। उचित पोषण के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ आहार के साथ-साथ नियमित व्यायाम और योग की भी जरूरतों पर जोर देते हैं।
योग विशेषज्ञों के मुताबिक बच्चों में योगासनों के अभ्यास की आदत डालकर आप उन्हें कई तरह की समस्याओं से बचाने के साथ शारीरिक और मानसिक विकास में तेजी ला सकते हैं। योग, बालमन को स्थिर बनाने, प्रतिरक्षा प्रणाली को बेहतर रखने, याददाश्त को ठीक रखने और मांसपेशियों और अंगों को स्वस्थ बनाए रखने में बहुत मददगार माने जाते हैं। बचपन से ही योगासनों की आदत आगे चलकर स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सहायक हो सकता है। आइए इस बारे में आगे विस्तार से जानते हैं।