इस साल डेंगू के मामलों में भारी उछाल लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। हल्की बीमारी से लेकर शॉक सिंड्रोम तक, डेंगू हमें कई प्रकार से प्रभावित कर सकता है। इस तरह की समस्याओं से बचाव के लिए सभी लोगों को शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को ठीक रखने पर विशेष ध्यान देते रहने की आवश्यकता होती है। इम्युनिटी मजबूत होने से संक्रमण की स्थिति में गंभीर रोग होने का खतरा कम होता है और तेजी से रिकवरी भी की जा सकती है। यदि आप हाल फिलहाल डेंगू के शिकार हुए हैं तो दिनचर्या में कुछ बदलाव करके तेजी से इस समस्या से रिकवर कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, डेंगू से रिकवरी के लिए पौष्टिक आहार और आराम के साथ कुछ योगासनों के अभ्यास की आदत भी आपके लिए मददगार हो सकती है। डेंगू से पीड़ित व्यक्ति को तेज बुखार, उल्टी, तेज सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द होता है और भूख कम लगती है। दोबारा ताकत हासिल करने और संक्रमण की जटिलताओं को कम करने के लिए कुछ योगाभ्यास आपके लिए सहायक हो सकते हैं। आइए इसके लिए प्रभावी योगासनों के बारे में जानते हैं।