स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, दुनियाभर में जिस तेजी से कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियां बढ़ती जा रही हैं, इससे बचाव के उपाय सभी उम्र के लोगों को करते रहने चाहिए। कुछ दशकों पहले तक जो बीमारियां सामान्यतौर पर उम्र बढ़ने के साथ हुआ करती थीं, अब वही समस्या कम आयु वाले लोगों में भी देखी जा रही हैं। डायबिटीज-हृदय रोग ऐसी ही समस्याएं हैं। इनसे बचाव के लिए आहार को ठीक रखने के साथ विशेषज्ञ नियमित रूप से योगासनों को जीवनशैली में शामिल करने की सलाह देते हैं। योग के अभ्यास की आदत बनाकर आप शरीर और मन, दोनों को स्वस्थ और फिट रख सकते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बच्चे हों या बुजुर्ग, सभी लोगों को दिनचर्या में योग को जरूर शामिल करना चाहिए। अगर आप स्वस्थ हैं तो ऐसा करके भविष्य में होने वाली कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के खतरे से बचे रह सकते हैं, वहीं यदि आपको पहले से ही कोई समस्या है तो उसके आधार पर योगासनों का अभ्यास करके लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है।
योग जीवन के किसी भी मोड़ पर आपकी जीवनशैली में सुधार कर सकता है। यह बहुत फायदेमंद होता है जब बच्चे योग का अभ्यास करना शुरू कर देते हैं क्योंकि यह उनकी आजीवन फिटनेस की नींव रखता है। आइए जानते हैं कि हर उम्र के लोगों के लिए कौन से योगाभ्यास कारगर हो सकते हैं?