फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yoga Tips: रक्त संचार बढ़ाने से लेकर मांसपेशियों को टोन करने तक, जानिए ताड़ासन योग के अद्भुत स्वास्थ्य लाभ

Fri, 23 Sep 2022 01:05 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
ताड़ासन योग करने के लाभ - फोटो : istock
ताड़ासन जिसे माउंटेन पोज के रूप में भी जाना जाता है, इसके नियमित अभ्यास की आदत संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए विशेष लाभकारी हो सकती है। सूर्य नमस्कार के अभ्यास की श्रृंखला में से एक, ताड़ासन का प्रभाव शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की सेहत पर देखा गया है। शोधकर्ताओं ने पाया है कि इस योग के अभ्यास की आदत शरीर और दिमाग की स्थिरता को बढ़ावा देने के साथ यह मूल चक्र को उत्तेजित करता है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को इस योग के नियमित अभ्यास से कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं। कुछ शोध बताते हैं कि इन दिनों तेजी से बढ़ रहे हृदय रोग के खतरे को कम करने के लिए इस योग के अभ्यास को कारगर पाया गया है।

योग विशेषज्ञ बताते हैं, ताड़ासन योग शांति, शक्ति और सशक्तिकरण की भावना पैदा करने में मदद करता है। आज के समय में लाइफस्टाइल में गड़बड़ी के कारण शारीरिक मुद्रा की समस्या काफी बढ़ती जा रही है, इस योग के अभ्यास से मुद्रा को ठीक रखने के साथ शारीरिक संतुलन को बेहतर रखने में भी मदद मिल सकती है। कई प्रकार के दर्द, सूजन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं में भी इस योग के अभ्यास से लाभ देखा गया है। आइए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 4
ताड़ासन योग के अभ्यास से होने वाले लाभ - फोटो : istock
कैसे किया जाता है ताड़ासन योग का अभ्यास?

ताड़ासन योग के अभ्यास की आदत कई प्रकार से प्रभावी मानी जाती है। इस योग को करने के लिए सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं और सुनिश्चित करें कि आपका वजन दोनों पैरों पर समान रूप से संतुलित हो। गहरी सांस लेते हुए, अपने हाथों को अपने सिर के ऊपर उठाएं। इस अवस्था में छाती को खोलते हुए और अपनी शारीरिक मुद्रा को सीधा रखें। इस स्थिति में कुछ देर तक बने रहें और फिर पूर्ववत स्थिति में आ जाएं। ताड़ासन योग के अभ्यास से मांसपेशियों की सक्रियता और रक्त के संचार को बढ़ाने में मदद मिल सकती है। आइए इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानते हैं।
विज्ञापन

3 of 4
ताड़ासन योग के अभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को लाभ - फोटो : Pixabay
ताड़ासन योग से क्या लाभ होता है?

ताड़ासन योग के अभ्यास की आदत शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की सेहत के लिए लाभकारी हो सकती है। शारीरिक मुद्रा को ठीक रखते हुए इसके कारण होने वाली समस्याओं को दूर करने के साथ शरीर के अंगों को स्वस्थ रखने और लाइफस्टाइल के विकारों से बचाने में यह योगासन आपके लिए मददगार हो सकता है।
  • यह योग, आपकी शारीरिक मुद्रा में सुधार करने,  छाती को खोलने और रीढ़ की हड्डी की समस्याओं को दूर करने में सहायक है।
  • जांघों, नितंबों और पैर की मांसपेशियों को टोन करने और मजबूत बनाने में भी इस योग के लाभ हैं।
  • यह जागरूकता और एकाग्रता बढ़ाने में भी फायदेमंद योगासन है।
  • साइटिका और गलत शारीरिक मुद्रा के कारण पीठ के निचले हिस्से के दर्द को कम करने में भी इस योग से लाभ मिलता है।
  • तनाव-चिंता जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने में भी इसके लाभ देखे गए हैं।
विज्ञापन

4 of 4
योग के अभ्यास को लेकर बरतें सावधानी - फोटो : Istock
ताड़ासन अभ्यास को लेकर सावधानियां

वैसे तो ताड़ासन योग के अभ्यास को बेहद लाभकारी माना जाता है पर कुछ स्थितियों में स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसका अभ्यास न करने की सलाह देते हैं। यदि आप अनिद्रा से पीड़ित हैं तो इसका अभ्यास न करें। इसके अलावा जिन लोगों को अक्सर सिरदर्द की समस्या है रहती है, या फिर यदि आपका रक्तचाप कम है तो इसे न करें। गर्भवती महिलाओं को भी ताड़ासन नहीं करना चाहिए। किसी भी योग के अभ्यास से पहले विशेषज्ञ का सलाह जरूर ले लें और किसी प्रशिक्षक की निगरानी में ही अभ्यास की शुरुआत करें। 



------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें