कई तरह की बीमारियों के लक्षण को कम करने में योगासनों के अभ्यास को विशेषज्ञ काफी कारगर तरीका मानते हैं। अध्ययन भी इस बात की पुष्टि करते हैं कि दिनचर्या में योगासनों के अभ्यास को शामिल करके डायबिटीज और हृदय रोग जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव किया जा सकता है। क्या योगाभ्यास पीलिया की समस्या में भी लाभ दे सकते हैं? जवाब है- हां।
योग विशेषज्ञ कहते हैं, कुछ प्रकार के योगासन लिवर की सेहत में सुधार करने के साथ हार्मोन्स को संतुलित बनाए रखने में सहायक होते हैं, ऐसे में योगाभ्यास की आदत बनाकर न सिर्फ पीलिया से बचाव किया जा सकता है साथ ही रोग के लक्षणों को कम करने में भी इससे लाभ प्राप्त किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक रक्त में बिलीरुबिन की मात्रा बढ़ जाने के कारण पीलिया की समस्या होती है। जब लिवर लाल रक्त कोशिकाओं के ब्रेकडाउन के दौरान कुशलतापूर्वक उन्हें संसाधित नहीं कर पाता है तो इस स्थिति में पीलिया का जोखिम बढ़ जाता है। इस स्थिति में त्वचा पीली पड़ने लगती है। योग विशेषज्ञों के मुताबिक इस दौरान कुछ अभ्यास लक्षणों को तेजी से ठीक करने में आपकी मदद कर सकते हैं। आइए इस बारे में जानते हैं।