वंदना त्यागी
Relationship Tips : प्यार और विश्वास पर टिकी होती है दांपत्य जीवन की खुशहाली, लेकिन पति-पत्नी के बीच इमोशनल इंटेलिजेंस जैसे गुण का होना भी बहुत जरूरी है। युवा अवस्था में कदम रखते ही हर युवक-युवती एक अच्छे जीवन-साथी के सपने देखने लगती है और जब उसे अपने सपनों जैसा जीवन-साथी मिल जाता है, तब उसका रिश्ता खुशहाल हो जाता है।
नोएडा की रहने वाली दिव्या, जो एक एचआर मैनेजर हैं, अपने कुशल रिश्ते के बारे में बताती हैं, “हम दोनों बेहद भावुक हैं, मगर भावनात्मक रूप से कमजोर नहीं हैं। मेरे पति शांत स्वभाव के हैं, जबकि मुझे हंसना और मजाक करना बहुत पसंद है। जब भी मेरे पति ऑफिस संबंधी तनाव में होते हैं, तब मैं उन्हें हंसा-हंसा कर सामान्य करने की कोशिश करती हूं। यह हंसना-हंसाना, मजाक करना हमारे झगड़ों और जीवन के उतार-चढ़ाव में एक तरह की दवा का काम करता है। अगर आपका जीवन-साथी हंसाने वाला या खुशमिजाज होता है तो जीवन की ज्यादातर परेशानियां अपने आप ही कम हो जाती हैं।”