उत्तर प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दलों में से एक बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की आज जयंती है। भले ही हाल में हुए यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में बहुजन समाज पार्टी को मात्र एक सीट मिली हो और भाजपा, सपा और कांग्रेस के सामने बसपा कमजोर पड़ गई हो लेकिन दलित राजनीति के जरिए यूपी में सालों सरकार में रहने वाली बहुजन समाज पार्टी की नींव बहुत मजबूत है। हो भी क्यों न पार्टी के संस्थापक और बहुजन आंदोलन के नेता कांशीराम ने पिछड़ा वर्ग के अधिकारों के लिए जो आवाज उठाई, उसकी गूंज आज भी याद की जाती है। 15 मार्च को कांशीराम का जन्मदिन होता है। कांशीराम ने बसपा की स्थापना करते समय कुछ सपने देखे थे। पार्टी आज कांशीराम की आकांक्षाओं पर कितनी खरी उतरी, इसका अवलोकन किया जाना चाहिए लेकिन उसके पहले कांशीराम के बारे में जान लेना चाहिए। कांशीराम की पिछड़ा वर्ग के लिए अपेक्षाएं, कांशीराम का राजनीतिक जीवन और उनसे जुड़ी रोचक बातों के बारे में जानिए।