रूपाश्री शर्मा
Home Decor: फ्रांसीसी वास्तुकला में एक शब्द बहुत प्रसिद्ध है- फ्रेंच विंडो, जो मूल रूप से कांच के शीशे वाला दरवाजा होता है और खिड़की के रूप में काम करता है। फ्रेंच शैली की खिड़कियों में लगे शीशे से घर में अत्यधिक प्राकृतिक रोशनी आती है। यदि आप कभी किसी फ्रेंच लिविंग रूम या कमरे को देखें तो आपको एक ही स्थान पर कई खिड़कियां नजर आएंगी। इससे लोग धूप का आनंद लेते हैं, प्राकृतिक रोशनी में पढ़ते हैं या उसमें खाना बनाते हैं। फ्रांसीसी शैली में लकड़ी, पत्थर जैसी प्राकृतिक सामग्रियों का अत्यधिक उपयोग होता है।
घर के इंटीरियर में भी खुला बीम रहता है, चाहे वह लकड़ी का हो या सीमेंट का। वास्तव में, फ्रांसीसी इंटीरियर डिजाइन में ऐसा बहुत कुछ है, जो आपको अपनी ओर खींचता है। यह अतीत को गले लगाती है, यानी एंटीक सजावट देती है। शीशों के जरिये घर को सजाती है। प्राचीन वस्तुओं की बुनाई से और तांबे के कुछ बर्तनों का उपयोग करके आपके घर को सबसे अलग दिखाती है और इसमें ताजे फूलों से आपका घर महकता है।