फेफड़े हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक हैं। श्वसन क्रिया को सुचारू रूप से जारी रखने और शरीर के अंगों तक पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन पहुंचाने में फेफड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। फेफड़े, शरीर में ताजा ऑक्सीजन लाते हैं और कार्बन डाइऑक्साइड और अन्य अपशिष्ट गैसों को शरीर से बाहर निकालने में मदद करते हैं, ऐसे में इस अंग में होने वाली किसी भी तरह की समस्या काफी गंभीर और घातक हो सकती है।
फेफड़ों का कैंसर ऐसी ही एक तेजी से बढ़ती गंभीर समस्या है, जिसके कारण हर साल लाखों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ जाती है। फेफड़े के कैंसर के बारे में लोगों को जागरूक करने और इससे बचाव के बारे में सतर्क करने के लिए हर साल 1 अगस्त को वर्ल्ड लंग कैंसर डे मनाया जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, फेफड़ों का कैंसर एक घातक बीमारी है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, साल 2020 में फेफड़ों के कैंसर के कारण 18 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई, ऐसे में सभी लोगों को इसके खतरे को समझते हुए बचाव के उपाय करते रहने चाहिए। हालांकि ज्यादातर मामलों में जब तक स्थिति गंभीर नहीं हो जाती तब तक इसके लक्षण समझ नहीं आते हैं। फिर भी इस बीमारी से बचने के लिए आपको हमेशा अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। फेफड़ों के कैंसर के कुछ शुरुआती लक्षणों पर ध्यान देकर इस गंभीर और जानलेवा समस्या से बचाव किया जा सकता है।