फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Hypertension Day 2022: ब्लड प्रेशर बढ़ने के लक्षण, कारण से लेकर बचाव तक, जानिए सबकुछ विस्तार से

Tue, 17 May 2022 12:48 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे 2022 - फोटो : iStock
हाई ब्लड प्रेशर (हाइपरटेंशन) वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। भारत सहित दुनिया के तमाम देशों में हर साल लाखों लोगों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या का निदान किया जाता है। भारत के संदर्भ में बात करें तो विशेषज्ञ इस बढ़ते खतरे को लेकर सभी लोगों को सावधानी बरतते रहने की सलाह देते हैं।

आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि लगभग 33% शहरी और 25% ग्रामीण आबादी उच्च रक्तचाप से ग्रस्त हैं। ग्रामीण इलाकों में हर दस में से एक और शहरी आबादी में पांच में से एक व्यक्ति ही रक्तचाप की समस्या को कंट्रोल कर पाने में सफल है। गंभीर बात यह है कि 60-70 फीसदी लोगों को जब तक समस्या बढ़ न जाए तब तक पता ही नहीं चल पाता है कि वह हाइपरटेंशन के शिकार हैं।

तेजी से बढ़ती इस वैश्विक बीमारी के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 17 मई को वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे मनाया जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक हाइपरटेंशन की समस्या वयस्कों से लेकर वृद्धजनों तक, किसी को भी हो सकती है, ऐसे में सभी लोगों के इसके बारे में जानना और बचाव के उपाय करते रहना बहुत आवश्यक हो जाता है। आइए आगे की स्लाइडों में हाइपरटेंशन के लक्षण, कारण और बचाव के बारे में विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 6
क्यों बढ़ जाता है ब्लड प्रेशर? - फोटो : Pixabay
हाई ब्लड प्रेशर की समस्या

अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के मुताबिक धमनी की दीवारों के खिलाफ लंबे समय तक रक्त के बढ़े हुए दबाव की स्थिति को हाई ब्लड प्रेशर  माना जाता है। आपका हृदय कितना रक्त पंप करता है और धमनियों में रक्त प्रवाह के प्रतिरोध की मात्रा कितनी है, इस आधार पर रक्तचाप के स्तर का निर्धारण किया जाता है। धमनियों का संकीर्णता जितनी अधिक होगी और जितना अधिक रक्त आपके हृदय द्वारा पंप किया जाता है, रक्तचाप उतना ही अधिक होता है। रक्तचाप के स्तर 120/80 मिमीएचजी को सामान्य माना जाता है। 

विज्ञापन

3 of 6
अंतर्निहित स्थितियों के कारण उच्च रक्तचाप हो सकता है - फोटो : Pixabay
ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण

ब्लड प्रेशर, क्यों बढ़ जाता है इस बारे में सभी लोगों को जानना आवश्यक है। उम्र, पारिवारिक इतिहास, जीवनशैली-खानपान में गड़बड़ी, मोटापा, सोडियम का अधिक सेवन और शराब-धूम्रपान जैसी आदतें मुख्यरूप से इसके प्रमुख कारण के तौर पर जानी जाती हैं। 

कुछ लोगों में अंतर्निहित स्वास्थ्य स्थितियों के कारण उच्च रक्तचाप हो सकता है। इसमें किडनी की बीमारियां, एडर्नल ग्लैंड ट्यूमर, रक्त वाहिकाओं में (जन्मजात) दोष, कुछ दवाओं के अधिक सेवन जैसी समस्याओं को भी जिम्मेदार माना जाता है।

4 of 6
हाई ब्लड प्रेशर की समस्याएं - फोटो : Pixabay
हाई ब्लड प्रेशर की पहचान कैसे करें?

उच्च रक्तचाप वाले अधिकांश लोगों में शुरुआत में कोई भी संकेत नजर नहीं आते हैं, हालांकि रक्तचाप की रीडिंग बढ़ी हुई देखी जा सकती है। जबकि कुछ लोगों को रक्तचाप का स्तर बढ़ने की स्थिति में कई तरह की समस्याओं का अनुभव हो सकता है, जिसके  बारे में ध्यान देते रहने की आवश्यकता होती है।
  • अधिक पसीना आना।
  • चिंता या तनाव की स्थिति बने रहना, बेचैनी महसूस होना।
  • नींद की समस्या।
  • चिड़चिड़ापन या चक्कर आना। 
लंबे समय तक उच्च रक्तचाप के कारण एथेरोस्क्लेरोसिस की जटिलताएं बढ़ जाती है। इसमें रक्त वाहिकाओं की दीवारों पर प्लाक बनने लगते हैं जिससे धमनियों की संकीर्णता बढ़ जाती है।
विज्ञापन

5 of 6
हाई ब्लड प्रेशर का उपचार - फोटो : Pixabay
हाई ब्लड प्रेशर का क्या इलाज है?

हाई ब्लड प्रेशर, जीवनभर बनी रहने वाली समस्या है। इसके इलाज के रूप में इसे कंट्रोल करने पर ध्यान देने की आवश्यकता होती है। जीवनशैली में बदलाव से उच्च रक्तचाप को नियंत्रित और प्रबंधित करने में मदद मिल सकती है। हालांकि जिन लोगों का रक्तचाप बहुत बढ़ा रहता है और सामान्य उपायों से कंट्रोल नहीं हो पाता है, उन्हें डॉक्टर्स दवाएं दे सकते हैं, जिससे हृदय रोगों के जोखिम से बचा जा सके।

ध्यान रहे, इन दवाओं को बिना डॉक्टर के सलाह के खुद से बंद न करें। इससे अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ने और गंभीर स्थितियों में हार्ट अटैक का खतरा हो सकता है। दवाइयों के साथ,  ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने वाले उपायों पर विशेष ध्यान देना भी आवश्यक हो जाता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
ब्लड प्रेशर को नियंत्रित कैसे रखें? - फोटो : Pixabay
हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने के तरीके

जीवनशैली और आहार में बदलाव करके रक्तचार को कंट्रोल किया जा सकता है। जिन लोगों का ब्लड प्रेशर अक्सर बढ़ा रहता है या फिर जिन्हें इसका खतरा अधिक होता है उन्हें आहार में सोडियम की मात्रा को कम रखने पर ध्यान देना चाहिए। सोडियम का अधिक सेवन रक्तचाप को बढ़ा सकती है।

इसके अलावा अधिक शराब-धूम्रपान करने वाले लोगों में भी इसका खतरा अधिक होता है, इन चीजों से बिल्कुल परहेज किया जाना चाहिए। अध्ययनों से पता चलता है कि नियमित रूप से व्यायाम की आदत बनाकर रक्तचाप को आसानी से कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है। 



--------------------
स्रोत और संदर्भ
Facts About High Blood Pressure


अस्वीकरण: अमर उजाला के  हेल्थ एंड फिटनेस कैटेगिरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर और विशेषज्ञों,व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं. लेख में उल्लेखित तथ्यों और सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा परखा व जांचा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठकों की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और ना ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श करें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें