हाई ब्लड प्रेशर, वैश्विक स्तर पर बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है, यह हृदय रोगों का कारण बन सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं ब्लड प्रेशर बढ़ने को पहले उम्र बढ़ने के साथ होने वाली समस्या के तौर पर जाना जाता था, हालांकि अब कम उम्र के लोग भी इसके शिकार होते जा रहे हैं।
एक अनुमान के मुताबिक दुनियाभर में एक अरब से अधिक लोगों को ब्लड प्रेशर की समस्या है, हर चार में से एक व्यक्ति को ब्लड प्रेशर का शिकार है। उच्च रक्तचाप के बारे में जागरूकता बढ़ाने और रोकथाम के उपायों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष 17 मई को विश्व उच्च रक्तचाप दिवस मनाया जाता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का अनुमान है कि भारत में लगभग चार में से एक वयस्क उच्च रक्तचाप से पीड़ित है, लेकिन उनमें से केवल 12% का ही रक्तचाप को नियंत्रित कर पाते हैं। ब्लड प्रेशर की रोकथाम के लिए इस साल का थीम है- मेजर योर ब्लड प्रेशर एक्यूरेटली, कंट्रोल इट एंड लिव लॉन्गर। यानी कि रक्त चाप को मॉनीटर करते रहें, इसे नियंत्रित रखें और लंबी आयु पाएं।