हवा, पानी, खाद्य के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। यह सब हमें प्रकृति ही तो देती है। पेड़-पौधे, नदियां, जंगल, जमीन, पहाड़ आदि जीवन के लिए बहुत ही जरूरी हैं। प्रकृति से हम कितना कुछ लेते हैं, लेकिन बदले में हम क्या करते हैं? प्रदूषण, दोहन...? पेड़ लगाने, गंदगी और प्रदूषण न फैलाने जैसे छोटे-छोटे प्रयासों से हम प्रकृति के लिए काफी कुछ कर सकते हैं। प्रकृति संरक्षित तो मानवीय जीवन सुरक्षित। ऐसे ही संदेशों के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से हर साल पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस (World Environment Day 2020) मनाया जाता है। इस अवसर पर देश-दुनिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन इस बार कोरोना संकट के कारण बहुत सारे आयोजन नहीं हो रहे हैं। हालांकि पर्यावरण संरक्षण के जागरूकता संदेशों के जरिए आप अपनों को इस दिवस की शुभकामनाएं तो भेज ही सकते हैं।