How to Increase HDL Naturally: आमतौर पर 'फैट' का नाम सुनते ही हमारे मन में मोटापे और हृदय रोगों का ख्याल आता है, लेकिन सच्चाई यह है कि सभी फैट हानिकारक नहीं होते। जिस तरह शरीर को एनर्जी और मजबूती के लिए आयरन, विटामिन और प्रोटीन की आवश्यकता होती है, उसी तरह स्वस्थ रहने के लिए 'गुड फैट' यानी हाई-डेंसिटी लिपोप्रोटीन (HDL) अनिवार्य है। एचडीएल को अक्सर 'अच्छा कोलेस्ट्रॉल' भी कहा जाता है क्योंकि यह एक सफाईकर्मी की तरह काम करता है।
यह धमनियों में जमा अतिरिक्त और हानिकारक कोलेस्ट्रॉल (LDL) को सोख लेता है और उसे वापस लिवर तक पहुंचाता है, जहां से इसे शरीर से बाहर निकाल दिया जाता है। अगर आपके शरीर में एचडीएल का स्तर सही है, तो हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। फैट का यह रूप न केवल कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है, बल्कि शरीर में विटामिन-A, D, E और K जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों को अवशोषित करने के लिए भी सहायक होता है। इसलिए फैट से पूरी तरह परहेज करने के बजाय, उसके सही स्वरूप को समझना है।