Medically Reviewed by-
डॉ जोहैब काज़ी
(फिजियोथेरपिस्ट & कपिंग एकस्पर्ट)
लखनऊ
जीवनशैली की गड़बड़ी के कारण पिछले एक दशक में कई तरह की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के मामलों में तेजी से उछाल देखने को मिला है। कई दिक्कतें तो ऐसी हैं जिन्हें पहले उम्र बढ़ने के साथ होने वाली समस्या माना जाता था हालांकि अब कम उम्र के लोग भी इसके शिकार होते जा रहे हैं। ऑस्टियोआर्थराइटिस ऐसी ही एक समस्या है, जिसके कारण जोड़ों में दर्द और जकड़न की समस्या हो सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक ऑस्टियोआर्थराइटिस एक क्रोनिक और लगातार बढ़ते रहने वाली बीमारी है। यह कार्टिलेज की क्षति के कारण होने वाली समस्या है, कार्टिेलेज हड्डियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक होता है। ऑस्टियोआर्थराइटिस की समस्या के कारण लोगों को जोड़ों में दर्द, अकड़न और अक्सर इसके चारों ओर की मांसपेशियों और लिगमेंट में दर्द हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक ऑस्टियोआर्थराइटिस की समस्या अक्सर कूल्हों, घुटनों, रीढ़ और हाथों को प्रभावित करती है। हार्वर्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्टियोआर्थराइटिस जेनिटिक समस्या भी हो सकती है, यानी कि अगर आपके परिवार में किसी को यह दिक्कत रह चुकी है तो अन्य लोगों में भी इसका जोखिम हो सकता है। फिजियोथेरपिस्ट के अनुसार ऑस्टियोआर्थराइटिस के लक्षणों को कम करने के लिए कुछ सामान्य से अभ्यास करना लाभदायक हो सकता है। आइए इस बारे में जानते हैं।