Causes of Sleep Paralysis: अक्सर रात के सन्नाटे में अचानक नींद खुलने पर ऐसा महसूस होता है कि शरीर पूरी तरह पत्थर सा हो गया है। आप चिल्लाना चाहते हैं, हाथ-पांव हिलाना चाहते हैं, लेकिन ऐसा लगता है जैसे किसी भारी साये ने आपको जकड़ रखा है। सदियों से लोग इसे 'भूत' का साया या किसी बुरी शक्ति का हमला मानते आए हैं, लेकिन विज्ञान की भाषा में इस डरावने अनुभव को 'स्लीप पैरालिसिस' कहा जाता है। यह एक ऐसी अवस्था है जिसमें मस्तिष्क तो जाग जाता है, लेकिन शरीर की मांसपेशियां अभी भी गहरी नींद में रहती हैं।
दरअसल जब हम सपने देखते हैं, तो हमारा दिमाग शरीर को 'लकवाग्रस्त' कर देता है ताकि हम असलियत में हाथ-पांव न चलाएं। यह इसलिए होता है ताकि हम सपने में जो देख रहे हैं, उसे असलियत में न करने लगें (जैसे सपने में दौड़ रहे हैं, तो बिस्तर पर लात-पांव न चलाने लगें)। अब स्लीप पैरालिसिस की समस्या तब होती है जब जागने व सोने के बीच का संतुलन बिगड़ जाता है।