हल्के बुखार-जुकाम और दर्द में हम में से ज्यादातर लोग बिना किसी डॉक्टरी सलाह के ओवर द काउंटर मेडिसिन ले लेते हैं। इसमें सबसे ज्यादा प्रयोग में लाई जाने वाली दवा है- पैरासिटामोल।
डॉक्टर्स कहते हैं-
हर छोटी-छोटी समस्या में बिना डॉक्टरी सलाह के पैरासिटामोल लेना भी सेहत पर दुष्प्रभाव डालता है। पैरासिटामोल वैसे तो नुकसानदायक नहीं है लेकिन कुछ स्थितियों में इसकी अधिकता के कारण किडनी-लिवर सहित कई प्रकार की समस्याओं का जोखिम हो सकता है।
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि वैश्विक स्तर पर पैरासिटामोल ओवरडोज में ली जाने वाली सबसे आम दवा है। इसकी अधिक मात्रा लिवर के लिए गंभीर समस्याकारक हो सकती है। अक्सर देखा गया है कि कुछ मामलों में इसके कारण लिवर फेलियर जैसी दिक्कतें भी देखी गई हैं। साल 2021 में, पैरासिटामोल ओवरडोज के कारण इंग्लैंड और वेल्स में 227 मौतें दर्ज की गईं।