फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अध्ययन: अब बेफिक्र होकर खा सकते हैं चॉकलेट, वजन बढ़ने का कोई डर नहीं

Thu, 08 Jul 2021 12:17 PM IST
Abhilash Srivastava हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
चॉकलेट खाने के फायदे (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Social media
ऐसे लोग शायद ही आपको मिलें जिन्हें चॉकलेट खाना पसंद न हों। हालांकि कई लोगों को इससे होने वाले नुकसान के कारण अपनी पसंद को दबाना पड़ जाता है। माना जाता रहा है कि चॉकलेट तेजी से वजन बढ़ा देता है, यही कारण है कि ज्यादातर लोगों को न चाहते हुए भी चॉकलेट से दूरी बनानी पड़ जाती है। ऐसे लोगों के लिए अब बड़ी खुशखबरी है, हाल ही में हुए एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने जो बताया है, चॉकलेट प्रेमियों के लिए वह किसी बड़ी खुशी से कम नहीं है। अध्ययन में वैज्ञानिकों ने बताया है कि चॉकलेट का सेवन वजन घटाने और मधुमेह को नियंत्रित करने में बेहद फायदेमंद हो सकता है। यह अध्ययन मासिक धर्म के बाद की महिलाओं पर किया गया है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि अब तक माना जाता रहा है कि चॉकलेट का सेवन करना वजन और डायबिटीज दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है, हालांकि इस अध्ययन में वैज्ञानिकों को इसके बिल्कुल उल्टे परिणाम देखने को मिले हैं। आइए आगे की स्लाइडों में इस अध्ययन से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बातों को जानने की कोशिश करते हैं। 
विज्ञापन

2 of 5
मिल्क चॉकलेट सेहत के लिए फायदेमंद (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : getty images
चॉकलेट खाने के क्या फायदे हो सकते हैं?
यह अध्ययन मेनोपॉज की अवस्था वाली 19 महिलाओं पर किया गया। इन महिलाओं को एक सीमित समय के लिए निश्चित मात्रा में चॉकलेट खाने के लिए दिया गया। अध्ययन के निष्कर्ष में वैज्ञानिकों को दो महत्वपूर्ण बातें जानने को मिलीं। पहला- सुबह के समय चॉकलेट का सेवन करना फास्टिंग ग्लूकोज के स्तर को कम कर सकता है और दूसरा- चॉकलेट के सेवन के बावजूद महिलाओं के वजन में कोई महत्वपूर्ण वृद्धि नहीं देखी गई। हार्वर्ड गजट द्वारा रिपोर्ट किए गए इस अध्ययन को फेडरेशन ऑफ अमेरिकन सोसाइटीज फॉर एक्सपेरिमेंटल बायोलॉजी (FASEB) में प्रकाशित किया गया है। 
विज्ञापन

3 of 5
व्हाइट चॉकलेट से वजन बढ़ने का खतरा नहीं (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : Social media
व्हाइट मिल्क चॉकलेट पर किया गया अध्ययन
अध्ययनकर्ताओं का कहना है कि प्रतिभागियों को दो सप्ताह के लिए रोजाना 100 ग्राम की मात्रा में व्हाइट मिल्क चॉकलेट खाने को दिया गया। व्हाइट चॉकलेट के सेवन के बाद प्रतिभागियों की ऊर्जा में बढ़ोतरी देखी गई। सबसे खास बात यह कि अब तक माना जा रहा था कि चॉकलेट का सेवन वजन बढ़ाता है, जबकि इस अध्ययन में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। महत्वपूर्ण बात यह भी रही है कि इसे ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में भी फायदेमंद पाया गया है। इस अध्ययन में चॉकलेट के सेवन के समय को विशेष ध्यान में रखा गया है। 

4 of 5
शुगर लेवल को भी कम कर सकता है व्हाइट चॉकलेट (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : iStock
अध्ययन की महत्वपूर्ण बातें क्या रहीं?
इस अध्ययन के निष्कर्ष के आधार पर वैज्ञानिकों का कहना है कि सुबह हो या रात, चॉकलेट खाने से वजन नहीं बढ़ता। सुबह के समय चॉकलेट का सेवन फैट बर्न करने के साथ ब्लड शुगर के स्तर को कम करने में मदद कर सकता है। इस अध्ययन के प्रमुख लेखकों में से एक फ्रैंक ए.जे.एल. शीर कहते हैं, यह अध्ययन न केवल 'क्या' बल्कि किसी चीज को हम 'कब' खाते हैं, इस बात पर केंद्रित है। हमारे खाने की आदतें और उसका समय, शरीर को किस तरह से प्रभावित कर सकती हैं, अध्ययन में इस बात पर जोर दिया गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
व्हाइट चॉकलेट से वजन बढ़ने का खतरा नहीं (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : pixabay
क्या निष्कर्ष निकला?
हार्वर्ड से संबद्ध ब्रिघम और वुमेन हॉस्पिटल में मेडिसिन और न्यूरोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और अध्ययन के लेखको में से एक मार्टा गैरालेट कहते हैं, इस अध्ययन में हमने पाया कि चॉकलेट खाने से कैलोरी का मात्रा बढ़ने के बावजूद प्रतिभागियों के वजन में बढ़ोतरी नहीं हुई है। यह अध्ययन सफेद चॉकलेट पर किया गया है। अध्ययन का सैंपल भले ही छोटा है लेकिन इसके परिणाम वृहद रूप में देखे जा सकते हैं। अन्य आयुवर्ग के लोगों पर इसके परिणाम जानने के लिए हमें इस अध्ययन को और विस्तार से करने की आवश्यकता है।

-------------
स्रोत और संदर्भ: 
Timing of chocolate intake affects hunger, substrate oxidation, and microbiota: A randomized controlled trial

अस्वीकरण नोट: यह लेख  फेडरेशन ऑफ अमेरिकन सोसाइटीज फॉर एक्सपेरिमेंटल बायोलॉजी (FASEB) में प्रकाशित अध्ययन के आधार पर तैयार किया गया है। लेख में शामिल सूचना व तथ्य आपकी जागरूकता और जानकारी बढ़ाने के लिए साझा किए गए हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप अपने चिकित्सक से संपर्क कर सकते हैं। अमर उजाला इस अध्ययन को लेकर कोई दावा नहीं करता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें