डायबिटीज वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है। दुनियाभर में लाखों लोग इससे पीड़ित हैं। रक्त में ग्लूकोज की मात्रा का लगातार बढ़ा रहना डायबिटीज का कारण बन सकता है, विशेषज्ञ इसे साइलेंट किलर डिजीज के रूप में भी वर्गीकृत करते हैं। अगर डायबिटीज पर ध्यान न दिया जाए तो यह शरीर के कई अंगों को क्षति पहुंचा सकती है, बहुत अधिक ब्लड शुगर बढ़ने के कारण मल्टी-ऑर्गन फेलियर का खतरा भी रहता है। ऐसे में जिन लोगों में डायबिटीज का समस्या है या जिनमें इसका खतरा है, सभी लोगों को विशेषज्ञ इसे कंट्रोल में रखने के उपाय करते रहने की सलाह देते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, आहार और जीवनशैली को ठीक रखकर डायबिटीज को कंट्रोल रखा जा सकता है। इसके अलावा कुछ बातों का ध्यान रखकर आप इसे बढ़ने से रोक सकते हैं।
हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने ऐसे ही एक बेहद कारगर तरीके के बारे में बताया है।
जर्नल स्पोर्ट्स मेडिसिन में हाल ही में प्रकाशित एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बताया कि यदि आप भोजन के एक से डेढ़ घंटे के भीतर थोड़ी देर के लिए वॉक करने की आदत बना लेते हैं तो यह टाइप-2 डायबिटीज की जटिलताओं को कम करने में आपके लिए बहुत मददगार हो सकता है। आइए इस अध्ययन के बारे में विस्तार से जानते हैं।