फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Cancer: महिला को थी आंखों में दिक्कत जांच में फेफड़ों के कैंसर का चला पता, ऐसे लक्षणों को लेकर भी रहे सावधान

Sat, 04 May 2024 12:39 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
आंखों से संबंधित समस्याएं - फोटो : iStock
फेफड़ों का कैंसर सभी उम्र के लोगों में उभरता बड़ा खतरा है। इसके शुरुआती लक्षणों में सांस लेने में तकलीफ, छाती में दर्द, बलगम से खून आने और बिना किसी प्रयास के वजन कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। पर क्या फेफड़ों के कैंसर का अंधेपन से भी कोई संबंध है? हाल ही में सामने आए एक हैरतअंगेज मामले ने इस तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। 

द एल्सेवियर जर्नल रेडियोलॉजी केस में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक एक अत्यंत दुर्लभ मामले में, 32 वर्षीय महिला की एक आंख की अचानक से रोशनी चली गई। डॉक्टर्स ने जब बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच किया तो उसमें फेफड़ों के कैंसर का निदान किया गया।

भारत में रहने वाली इस महिला की दाहिनी आंख की रोशनी चली गई थी और लगभग 20 दिनों तक उसको बाईं आंख में भी कभी-कभी रोशनी चमकने का अनुभव हो रहा था। डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसमें कैंसर का निदान किया। मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि पीड़िता ने कभी धूम्रपान भी नहीं किया और आंखों की रोशनी जाने से पहले वह पूरी तरह से स्वस्थ भी थी। 
विज्ञापन

2 of 5
फेफड़ों का कैंसर - फोटो : istock

आंखों तक भी फैल सकता है फेफड़ों का कैंसर

जांच के दौरान डॉक्टरों ने देखा कि महिला के दाहिनी आंख के पिछले हिस्से में एक बड़ा, सफेद-पीला मांस बढ़ रहा था। इसके कारणों के बारे में जानने के लिए रोगी के रक्त की जांच और एक्स-रे की गई। आखिरकार छाती के एक्स-रे और स्कैन में पता चला कि महिला के दाहिने फेफड़े के निचले हिस्से में कैंसरयुक्त ऊतकों का एक समूह बढ़ रहा था। यह ट्यूमर कई अन्य अंगों में भी फैल गया था, जिसमें आंखों का कोरॉइड भी शामिल था।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, वैसे तो फेफड़ों के कैंसर में ऐसा बहुत कम होता है कि ये आंखों तक फैल जाए, हालांकि 0.1% से 7% मामलों में इसके लक्षण आंखों में भी देखे जा सकते हैं।
विज्ञापन

3 of 5
आंखों की दिक्कत - फोटो : istock
फेफड़ों के कैंसर में आंखों से संबंधित समस्याएं

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, फेफड़ों के कैंसर के संकेत के रूप में दृश्य हानि या आंखों से संबंधित किसी अन्य प्रकार की समस्याओं का होना काफी दुर्लभ है। अब तक, चिकित्सा साहित्य में ऐसे लगभग 60 मामले ही रिपोर्ट किए गए हैं। इस केस में जिक्र महिला का मामला और भी असामान्य है क्योंकि वह धूम्रपान नहीं करती थी। गौरतलब है कि फेफड़ों के कैंसर के अधिकतर मामलों के लिए धूम्रपान को प्रमुख कारण माना जाता रहा है।

डॉक्टर बताते हैं फेफड़ों के कैंसर के इसी तरह के और भी कई अप्रत्याशित लक्षण हो सकते हैं जिनके बारे में भी लोगों को जानना और समय रहते डॉक्टरी सलाह लेना जरूरी हो जाता है।

4 of 5
हड्डियों की समस्याएं - फोटो : istock
हड्डियों में हो सकता है दर्द

मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि फेफड़ों के कैंसर की कुछ स्थितियों में सांस की समस्याओं से इतर रोगियों को हड्डियों में दर्द और हड्डियों से संबंधित कई तरह की अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं। कैंसर कोशिकाएं जब हड्डी तक फैल जाती है, तो इसके कारण रीढ़/पीठ, पेल्विक हिस्से या हाथ-पैर की बड़ी हड्डियों में दर्द पैदा हो सकता है। यह दर्द चलते समय, रात में या पीठ के बल लेटने पर और बढ़ जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
चक्कर आना - फोटो : istock
संतुलन की हो सकती है समस्या

फेफड़ों के कैंसर वाले कुछ रोगियों में संतुलन से संबंधित विकारों के बढ़ने का भी खतरा देखा जाता रहा है। सुपीरियर वेना कावा ( बड़ी नस जो आपके सिर और भुजाओं से रक्त को हृदय तक वापस ले जाती है) के पास स्थित ट्यूमर के कारण रक्त का प्रवाह बाधित होने लगता है जिसके कारण कैंसर रोगियों को अक्सर चक्कर आने या संतुलन बिगड़ने की दिक्कत हो सकती है। फेफड़ों के कैंसर के रोगियों में इस प्रकार के लक्षण अधिक देखे जाते रहे हैं।



--------------
स्रोत और संदर्भ
Lung carcinoma presenting as monocular painless blindness


अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें