Sudden Darkness In Eyes: आंख के सामने अचानक कुछ पलों के लिए अंधेरा छा जाना एक बहुत ही गंभीर मेडिकल चेतावनी है, जिसे डॉक्टरी भाषा में ट्रांजिएंट विजन लॉस कहते हैं। यह अंधेरा अक्सर कुछ सेकंडों के लिए होता है और फिर अपने आप ठीक हो जाता है। लोग इसे थकान या कमजोरी मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह लक्षण मस्तिष्क और हृदय से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती संकेत हो सकता है।
यह स्थिति तब उत्पन्न होती है जब आंखों की ओर जाने वाली रक्त वाहिकाओं में ब्लड फ्लो अस्थायी रूप से बाधित हो जाता है। यह रुकावट अक्सर कोलेस्ट्रॉल के जमाव या खून के थक्के के कारण होती है। इसे नजरअंदाज करना कई बार 'जानलेवा' भी हो सकता है, क्योंकि यह स्थिति हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिम को तेजी से बढ़ाती है। इसलिए अगर आप इस तरह के लक्षण का अनुभव करते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।