फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Skin Cancer Symptoms: आपकी आंखें भी देती हैं कैंसर का संकेत, ऐसे लक्षणों को न करें अनदेखा करने की गलती

Thu, 24 Mar 2022 06:02 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
स्किन कैंसर के लक्षण आंखों में - फोटो : iStock
कैंसर वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती सबसे घातक बीमारियों में से एक है। इसे दुनियाभर में मौत का एक प्रमुख कारण माना जाता है। साल 2020 में लगभग 10 मिलियन या छह में से लगभग एक मौत के लिए इस बीमारी को जिम्मेदार पाया गया है। भारत में भी कैंसर एक बड़े खतरे के तौर पर उभरती समस्या है, जिससे बचाव के लिए विशेषज्ञ सभी लोगों को लगातार प्रयास करते रहने की सलाह देते हैं। इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर के मुताबिक साल 2018 में भारत में कैंसर से करीब 7.84 लाख लोगों की मौत हुई। यह वैश्विक कैंसर से होने वाली मौतों का 8% और भारत में सभी कारणों से होने वाली मौतों का 6 फीसदी है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक स्तन, फेफड़े, बृहदान्त्र, मलाशय और प्रोस्टेट कैंसर के मामले सबसे आम हैं। हाल के वर्षों में स्किन कैंसर के मामले भी तेजी से रिपोर्ट किए जा रहे हैं। अगर समय रहते इसके लक्षणों की पहचान कर इलाज शुरू कर दिया जाए तो इससे रोगी की जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। अध्ययनों में पाया गया है कि स्किन कैंसर के लक्षण त्वचा के अलावा आपकी आंखों में भी देखे जा सकते हैं। इसके आधार पर रोग का समय रहते आसानी से निदान किया जा सकता है। आइए आगे की स्लाइडों में जानते हैं कि आंखों से कैंसर की पहचान कैसे की जा सकती है?
विज्ञापन

2 of 5
आंखों में कैंसर के क्या लक्षण होते हैं? - फोटो : Pixabay
आंखें देती हैं कैंसर का संकेत
सामान्यतौर पर कोशिकाओं की असामान्य वृद्धि को कैंसर का कारण माना जाता है। वहीं सूर्य की पराबैंगनी किरणों और रसायनों के अधिक संपर्क में रहने वाले लोगों में त्वचा कैंसर का जोखिम अधिक हो सकता है। लक्षणों के संदर्भ में, ज्यादातर लोगों में त्वचा के कैंसर की स्थिति में शरीर पर तिल जैसे निशान विकसित होने लगते हैं, जो समय के साथ गंभीर होते जाते हैं। इसके अलावा शोधकर्ताओं ने पाया है कि स्किन कैंसर के कुछ लक्षण पलकों और आंखों में भी देखे जा सकते हैं। 
विज्ञापन

3 of 5
आंखों की समस्याओं को न करें अनदेखा - फोटो : Pixabay
अध्ययन में क्या पता चला?
न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन (एनईजेएम) में, एक प्रकाशित रिपोर्ट से पता चलता है कि आंखों से स्किन कैंसर का पता लगाया जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक एक 47 वर्षीय महिला को दो सप्ताह से अधिक समय से आंखों में खुजली की समस्या थी। निदान के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि उसकी पलक बाहर निकली हुई थी। इनपर भूरे रंग के पैच के साथ उभार देखा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला के पैलेब्रल कंजंक्टिवा में घातक स्किन कैंसर की समस्या का निदान किया।

4 of 5
आंखों में असामान्य बदलाव को न करें अनदेखा - फोटो : Istock
आंखों में स्किन कैंसर के लक्षण
कोलंबिया डिपार्टमेंट ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी के विशेषज्ञों के अनुसार आंखों में कुछ समस्याओं का लगातार बने रहना और ठीक न होना, आई मेलेनोमा का संकेत हो सकता है, जिसपर शीघ्रता से ध्यान देने की आवश्यकता है। 
  • आंखों में असामान्य उभार, कुछ स्थितियों में इससे खून आना।
  • आंखों की त्वचा का खुरदुरा, पपड़ीदार होना, भूरे और लाल रंग के धब्बे दिखना।
  • चिकना, मोती नुमा सख्त और लाल रंग का उभार नजर आना।
  • आंखों में मांस बढ़ना।
  • आंखों में किसी तरह का घाव जो ठीक न हो रहा हो।
  • पलकों का गायब हो जाना।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
आंखों का रखें निरंतर ख्याल - फोटो : iStock
क्या कहते हैं वैज्ञानिक?
वैज्ञानिकों का कहना है कि अध्ययन में जिस महिला का जिक्र किया गया है, उसका इलाज शुरू होने के एक हफ्ते बाद भूरे रंग के पैच में बढ़ोतरी नहीं देखी गई है। इससे स्पष्ट होता है कि अगर समय पर स्थिति का निदान हो जाए तो रोग को बढ़ने से रोका जा सकता है। आंखों में नजर आने वाले किसी भी तरह के असामान्य बदलाव को बिल्कुल अनदेखा न करें। यदि आपमें कैंसर का आनुवांशिक खतरा है तो लक्षणों को लेकर और भी अलर्ट रहने की आवश्यकता है।

----------------
स्रोत और संदर्भ
Melanoma of the Palpebral Conjunctiva and Eyelid

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें