बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी लोगों को आहार में नियमित रूप से ताजे फल और सब्जियों को शामिल करने की सलाह दी जाती है। फल-सब्जियों में मौजूद विटामिन्स और पोषक तत्व कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने में कारगर माने जाते हैं। कई फलों में ऐसे गुणों के बारे में पता चलता है जो कैंसर जैसी बीमारियों के खतरे को भी कम कर सकते हैं। अनानास ऐसी ही एक बेहद फायदेमंद फल है, जिसका नियमित सेवन आपको कई तरह के स्वास्थ्य लाभ दे सकता है। अनानास शरीर के लिए तमाम तरह के पोषक तत्वों जैसे विटामिन-सी, विटामिन-ए, कैल्शियम, आयरन आदि की भी पूर्ति करने में सहायक है, जिससे आपका शरीर स्वस्थ और रोगमुक्त बना रहता है।
अध्ययनों से पता चलता है कि अनानास में थायमिन,राइबोफ्लेविन,विटामिन बी-6, फोलेट, मैग्नीशियम, मैंगनीज और पोटैशियम जैसे पोषक तत्वों की भरपूर मात्रा पाई जाती है जो शरीर को बेहतर ढंग से कार्य करते रहने के लिए अत्यंत आवश्यक है। कई अध्ययनों ने सुझाव दिया है कि अनानास जैसे पादप खाद्य पदार्थों के सेवन से मोटापा, मधुमेह और हृदय रोग का खतरा कम हो जाता है। आइए अनानास खाने से होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानते हैं।