दुनिया के कई देशों में कोरोना संक्रमण का खतरा बरकरार है। चीन में जोखिम एक बार फिर से बढ़ता हुआ देखा जा रहा है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महामारी के बाद से पहली बार चीन में एक दिन में सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। नेशनल हेल्थ ब्यूरो द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को देश में 31454 मामले दर्ज किए गए। कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने आंशिक स्तर पर लॉकडाउन लगाने, यात्रा को प्रतिबंधित करने और सामूहिक परीक्षण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले महीने कोरोना संक्रमण में आई वृद्धि को रोकने के लिए देश के कई हिस्सों में लॉकडाउन लगाया गया था, हालांकि उसके हटने के बाद अब एक बार फिर से हालात खराब होते दिख रहे हैं।
रिपोर्टस के मुताबिक कोरोना बढ़ते मामलों के साथ संक्रमण के कारण लोगों में मौत का जोखिम भी बढ़ता देखा जा रहा है। मंगलवार तक बीजिंग में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब पांच हो गई थी। नेशनल डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन एडमिनिस्ट्रेशन के अधिकारी हू जियांग ने बताया, चीन के कई हिस्सों में कोरोना के कारण बढ़ते मामले काफी गंभीर और जटिल हैं, कुछ क्षेत्रों में महामारी का प्रसार तेज हो रहा है ऐसे में रोकथाम और नियंत्रण की कठिनाई बढ़ रही है। खतरे से बचाव के लिए उपाय किए जा रहे हैं।