फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विशेषज्ञ से जानिए: कोरोना के कम होते मामलों के बीच क्यों हो रही है चौथी लहर की चर्चा, क्या आ रहा है कोई नया वैरिएंट?

Tue, 01 Mar 2022 11:34 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
कोरोना के चौथे लहर की आशंका - फोटो : iStock
Medically Reviewed by-
डॉ सौरभ अवस्थी
(श्वांस रोग विशेषज्ञ, इंटेंसिव केयर यूनिट)
नोएडा


दिसंबर-जनवरी में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर का कारण बनने वाले ओमिक्रॉन वैरिएंट की रफ्तार फिलहाल थमती नजर आ रही है। जनवरी में जहां रोजाना ढाई लाख से अधिक संक्रमितों की पुष्टि की जा रही थी, वहीं पिछले 24 घंटे में संक्रमितों का आंकड़ा घटकर 6900 के करीब पहुंच गया है। यह आंकड़े भले ही राहत देने वाले हों, पर वैज्ञानिक लगातार सभी लोगों से बचाव के उपाय करते रहने की अपील कर रहे हैं। हाल ही में आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों की एक टीम ने लोगों को विशेष सावधान करते हुए जून माह में देश में संक्रमण की चौथी लहर आने की आशंका जताई है। इतना ही नहीं वैज्ञानिकों का कहना है कि यह लहर चार महीने से अधिक समय तक जारी रह सकती है।

आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर एस.प्रसाद राजेशभाई, सुभरा शंकर धर और शलभ ने जिम्बाब्वे के आंकड़ों के आधार पर जून में चौथी लहर आने का दावा किया है। हालांकि जब इस समय देश में कोरोना के मामलों में कमी देखी जा रही है, साथ ही सामान्य जनजीवन फिर से पटरी पर आ रहा है, ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि आखिर चौथे लहर की चर्चा क्यों शुरू हो गई है? क्या ओमिक्रॉन से भी संक्रामक वैरिएंट सामने आने वाला है? आइए आगे की स्लाइडों में इस बारे में विस्तार से समझते हैं?
विज्ञापन

2 of 6
कोरोना लहर को लेकर वैज्ञानिकों की चेतावनी - फोटो : iStock
जून में आ सकती है चौथी लहर
आईआईटी कानपुर के शोधकर्ताओं का दावा है कि जून के मध्य में चौथी लहर की शुरुआत हो सकती है, वहीं अगस्त तक जाते-जाते संक्रमण पीक पर पहुंच सकता है। शोधकर्ताओं ने फिलहाल किसी वैरिएंट के बारे में जिक्र नहीं किया है, जिसे संभावित चौथी लहर की कारण माना जा सकता हो। विशेषज्ञों के मुताबिक, संक्रमण की गंभीरता, संक्रामकता और घातकता आदि वैरिएंट की प्रकृति पर निर्भर करेगी। फिलहाल सभी लोगों को आने वाले खतरे को लेकर अभी से तैयार रहने की आवश्यकता है।
विज्ञापन

3 of 6
कोरोना का संकट जारी है - फोटो : Pixabay
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
अमर उजाला से बातचीत में इंटेंसिव केयर यूनिट के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ सौरभ अवस्थी बताते हैं, वायरस के साथ म्यूटेशन की आशंका हमेशा बनी रहती है। जैसा कि तीसरी लहर के दौरान देखा गया कि वायरस में कई ऐसे म्यूटेशन थे जो ओमिक्रॉन को डेल्टा से कहीं अधिक संक्रामक बनाते हैं। चूंकि अभी ओमिक्रॉन का असर कम हो रहा है, ऐसे में वायरस अपने अस्तित्व को बनाए रखने के लिए स्वाभावित तौर पर म्यूटेशन करता है, संभवत: वैज्ञानिक इसी आधार पर चौथी लहर का दावा कर रहे हैं। 

4 of 6
कोरोना के सब-वैरिएंट BA.2 को लेकर अलर्ट - फोटो : Pixabay
किन वैरिेएंट्स से हो सकता है खतरा?
पिछले कुछ अध्ययनों पर गौर करें तो पता चलता है कि वैज्ञानिक ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट BA.2 को लेकर अलर्ट कर रहे हैं। ब्रिटेन की स्वास्थ्य सेवा एजेंसी (यूकेएचएसए) ने एक रिपोर्ट में बताया कि यह ओमिक्रॉन के मूल वैरिएंट से  कहीं अधिक संक्रामक है, इतना ही नहीं यह पारंपरिक कोरोना जांच को भी चकमा दे सकता है। एक अन्य अध्ययन में वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि इस सब-वैरिएंट में कई ऐसे संकेत देखे गए हैं, जो इसे गंभीर बीमारी पैदा करने में सक्षम बनाते हैं। आशंका है कि इस स्ट्रेन से होने वाला संक्रमण डेल्टा की तरह गंभीर बीमारी का खतरा पैदा कर सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) भी इस वैरिएंट को लेकर चिंता जता चुका है।
विज्ञापन

5 of 6
देश में आ सकती है कोरोना की एक और लहर - फोटो : PTI
विशेषज्ञों के अलग-अलग मत
एक हालिया रिपोर्ट में महामारी विज्ञानी एरिक फेंग ने ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट BA.2 को लेकर चिंता जताई थी। फेंग ने लिखा, कोरोना का यह नया वैरिएंट नई मुसीबतें लेकर आ सकता है, संभवत: अगली लहर की आशंका भी।
हालांकि इसके उलट आईएमए कोविड टास्क फोर्स के सह-अध्यक्ष डॉ राजीव जयदेवन ने कहा था कि यह देश में चौथी लहर का कारण बनेगा, इसकी आशंका फिलहाल नहीं है। जो लोग तीसरी लहर के दौरान संक्रमण का शिकार रह चुके हैं, उनमें बीए.2 से संक्रमण का जोखिम कम है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
कोरोना से बचाव बहुत जरूरी - फोटो : Pixabay
बचाव के उपाय करते रहें
डॉ सौरभ अवस्थी कहते हैं, कोरोना के मामले कम हुए हैं, पर वायरस अब भी सक्रिय है, ऐसे में हम सभी को इससे बचाव के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। 
  • सबसे आवश्यक है वैक्सीनेशन। सभी लोगों को जल्द से जल्द वैक्सीन की दोनों डोज ले लेनी चाहिए। 
  • मास्क को लेकर कोई लापरवाही न बरतें, सुनिश्चित करें कि आपका मास्क आपकी नाक, मुंह और ठुड्डी को ढके।
  • बार-बार हाथ धोने की आदत बनाएं।
  • बाजार, अस्पताल आदि में लोगों से कम से कम 1 मीटर की दूरी बनाए रखें।
  • अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। 

----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें