फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Health Tips: लो-कैलोरी के साथ फाइबर-प्रोटीन से भरपूर होता है ये खाद्य पदार्थ, डायबिटीज में भी लाभकारी

Thu, 13 Oct 2022 01:11 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 5
हमेशा लो कैलोरी वाली चीजों का करें सेवन - फोटो : iStock
स्वस्थ आहार आपको कई तरह की बीमारियों से सुरक्षित रखने में सहायक होता हैं। इसके लिए उन खाद्य पदार्थों के चयन की सलाह दी जाती है, जिनसे शरीर के लिए आवश्यक ज्यादातर पोषक तत्वों की आसानी से प्राप्ति हो जाए और शरीर स्वस्थ और ऊर्जावान रहे। इसके अलावा आपको कई तरह की बीमारियों से बचाए रखने में भी खाद्य पदार्थों के सही चयन की आदत मदद कर सकती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हमेशा उन चीजों का सेवन करना बेहतर माना जाता है जो लो-कैलोरी वाली हों और उनसे फइबर, प्रोटीन और अन्य विटामिन्स प्राप्त किए जा सकें। मशरूम ऐसी ही एक सब्जी है जो इन ज्यादातर पैरामीटर्स पर खरी उतरती है।

अध्ययनों में कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी इसके सेवन को फायदेमंद पाया गया है। मशरूम का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी कम होता है, ऐसे में यह मधुमेह की समस्या के शिकार लोगों के लिए भी अच्छा आहार हो सकता है। आहार विशेषज्ञों का मानना है कि फैट, सोडियम, कैलोरी और कोलेस्ट्रॉल की मात्रा इसमें कम होती है, जिससे शरीर स्वस्थ बना रहता है और कई तरह की बीमारियों का खतरा भी कम होता है। आइए जानते हैं कि मशरूम खाना हमारी सेहत के लिए किस तरह से लाभकारी हो सकता है?
विज्ञापन

2 of 5
मशरूम खाने से होने वाले लाभ - फोटो : istock
एंटीऑक्सीडेंट्स का स्रोत

मशरूम में पाया जाने वाला एंटीऑक्सीडेंट्स इसे सेहत के लिए कई तरह से लाभकारी बनाता है। एंटीऑक्सीडेंट शरीर को हानिकारक मुक्त कणों से बचाने में मदद करते हैं, जिससे हृदय रोग और कैंसर जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम कम होता है। एंटीऑक्सीडेंट्स आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली को भी बढ़ावा देते हैं। मशरूम में सेलेनियम नामक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है जो आपके शरीर के कई बीमारियों से सुरक्षित रखने में सहायक है।
विज्ञापन

3 of 5
पाचन स्वास्थ्य की समस्याएं - फोटो : Pixabay
पाचन और तंत्रिकाओं को लाभ

मशरूम में विटामिन-बी की भी अच्छी मात्रा पाई जाती है। राइबोफ्लेविन, नियासिन और पैंटोथेनिक एसिड जैसे इन तत्वों का संयोजन हृदय को स्वस्थ बनाए रखने में सहायक होता है। राइबोफ्लेविन लाल रक्त कोशिकाओं के लिए अच्छा होता है, वहीं नियासिन पाचन तंत्र और स्वस्थ त्वचा के लिए फायदेमंद माना जाता है। पैंटोथेनिक एसिड को तंत्रिका तंत्र के लिए कारगर माना जाता है, ऐसे में मशरूम का सेवन कई प्रकार से आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।

4 of 5
हृदय को कैसे स्वस्थ और फिट रखें - फोटो : iStock
हृदय रोगियों को करना चाहिए सेवन

मशरूम में कई चिकित्सीय गुण पाए गए हैं,  विशेष रूप से अधिक वजन वाले वयस्कों में कोलेस्ट्रॉल कम करने में इसे मददगार पाया गया हैं। कोलेस्ट्रॉल, रक्त वाहिकाओं की दीवारों से चिपक कर रक्त के परिसंचरण को प्रभावित कर देते हैं, जिसके कारण रक्तचाप बढ़ने और हृदय रोगों का खतरा अधिक होता है। कोलेस्ट्रॉल को कम करने और हृदय को स्वस्थ बनाए रखने के लिए मशरूम खाना फायदेमंद हो सकता है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
मधुमेह रोगियों के लिए मशरूम के लाभ - फोटो : istock
डायबिटीज रोगी पा सकते हैं लाभ

हृदय के साथ-साथ डायबिटीज की समस्या से परेशान लोगों के लिए भी मशरूम अच्छा आहार हो सकता है। मशरूम का ग्लाइसेमिक इंडेक्स और ग्लाइसेमिक लोड मात्रा कम होती है। इसका मतलब है कि ये आपके रक्त शर्करा के स्तर को बढ़ने नहीं देते हैं। इसके अतिरिक्त, इसकी विटामिन-बी और पॉलीसेकेराइड की मात्रा मधुमेह वाले रोगियों के लिए फायदेमंद हो सकती है। डायबिटिक रोगियों के लिए इसे अच्छा आहार विकल्प माना जाता है। 



----------------
नोट:
यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें