आज करवाचौथ है, पति की लंबी आयु के लिए महिलाएं यह व्रत करती हैं। अन्य व्रत की तुलना में करवाचौथ का व्रत कठिन होता है, इसमें पूरे दिन पानी भी नहीं पीना होता। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यदि आप किसी प्रकार की क्रोनिक बीमारी की शिकार हैं या गर्भवती हैं तो अपने डॉक्टर की सलाह पर ही व्रत का फैसला करें। पूरे दिन पानी न पीना या कुछ न खाने से आपकी सेहत बिगड़ने का जोखिम हो सकता है। डॉक्टर्स कहते हैं, गर्भावस्था में सुरक्षात्मक दृष्टि से व्रत न करने की सलाह दी जाती है, फिर भी यदि आप व्रत कर रही हैं तो फलाहार करें। ज्यादा देर खाली पेट रहना आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।
डॉक्टर्स कहते हैं, चूंकि भ्रूण को अपनी मां से पोषण मिलता है, इसलिए गर्भवती महिलाओं को पूरे दिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहने और पोषक तत्वों से भरपूर आहार का सेवन करने की सलाह दी जाती है। गर्भवती को हर दो से तीन घंटे में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में आहार लेते रहने की आवश्यकता होती है। इसके अलावा यदि आप किसी बीमारी के शिकार हैं और दवाइयां खा रही हैं तो भी आपको समय-समय पर कुछ खाते रहना चाहिए। ऐसे लोगों को व्रत न रखने की सलाह दी जाती है।
यदि आप फिर भी व्रत कर रही हैं तो कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना अति आवश्यक हो जाता है। आइए इस बारे में जानते हैं।