मुंह में छाले होने की समस्या काफी दर्दकारक और असहज करने वाली होती है। अल्सर या छाले आपके होंठों के पीछे या आपके मसूड़ों पर हो सकते हैं, जिसके चलते भोजन को निगलने में काफी कठिनाई महसूस होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, मुंह के छाले कई कारणों से हो सकते हैं, इसमें पेट की खराबी को इसका प्रमुख कारण माना जाता है। अगर आपको बार-बार मुंह के छाले होते हैं, तो यह विटामिन बी12 की कमी का भी संकेत हो सकता है। इसके अलावा कई चिकित्सीय स्थितियों जैसे वायरल संक्रमण और मुंह की बीमारी के कारण भी ऐसा हो सकता है। तंबाकू चबाने वाले लोगों में भी यह समस्या अक्सर होती रहती है।
सामान्यतौर पर कुछ दवाइयों और मलहम से छालों के दर्द को कम किया जाता है। छालों को रातों-रात ठीक करना संभव नहीं है, लेकिन कुछ घरेलू उपचार इसके दर्द से राहत दिलाने और छालों के घाव को भरने में सहायक हो सकते हैं। पर ध्यान रहे अगर आपको अक्सर इस तरह की समस्या बनी रहती है तो इस बारे में किसी चिकित्सक से सलाह जरूर ले लें। बार-बार छाले होना गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकता है। आइए इसमें प्रभावी घरेलू उपायों के बारे में जानते हैं।