फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Suicide: अमेरिकी इतिहास में एक वर्ष में सबसे अधिक आत्महत्याएं, विशेषज्ञों ने बताया- ये है प्रमुख कारण

Tue, 22 Aug 2023 01:48 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
आत्महत्या के बढ़ते मामले - फोटो : iStock
दुनियाभर में रिपोर्ट की जा रही आत्महत्या की बढ़ी हुई दर गंभीर चिंता का कारण है। इस संबंध में सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) द्वारा जारी हालिया आंकड़े काफी डराने वाले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक साल 2022 में अमेरिकी इतिहास में एक वर्ष में सबसे अधिक आत्महत्याएं रिपोर्ट की गई हैं, इस साल  49,449 लोग आत्महत्या से मारे गए।

सीडीसी द्वारा जारी किए गए डेटा के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में आत्महत्या के मामलों में 2.6% की वृद्धि हुई है, जो कई प्रकार से मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक ताने-बाने को लेकर सवाल खड़े करती है।

सीडीसी के आंकड़ों के मुताबिक 2021-2022 के बीच 10 से 24 वर्ष की आयु के लोगों में आत्महत्या में जरूर 8.4% की कमी आई है। अनुमान है कि 2022 में इस आयुवर्ग के 6,529 लोगों की आत्महत्या से मृत्यु हुई। अमेरिकी स्वास्थ्य और मानव सेवा सचिव जेवियर बेसेरा ने एक बयान में कहा, "10 में से नौ अमेरिकियों का मानना है कि देश गंभीर मानसिक स्वास्थ्य संकट का सामना कर रहा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसिक स्वास्थ्य की समय पर निगरानी और इलाज को बढ़ावा देकर इस जोखिम को कम किया जा सकता है।
विज्ञापन

2 of 4
आत्महत्या के आंकड़े - फोटो : Pixabay
बढ़ी है आत्महत्या की दर

आत्महत्या को लेकर जारी ये डेटा मृत्यु प्रमाणपत्रों पर आधारित है, हालांकि इसकी पूरी तरह से समीक्षा की जानी अभी बाकी है। हालिया डेटा में कहा गया है कि प्रत्येक एक लाख लोगों में आत्महत्या से मृत्यु की दर 14.9 रही है, जो 2018 में 14.2 मौतें थी।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, "ये आंकड़े इस बात की गंभीरता से जोर देते हैं कि यह जरूरी है कि हम मानसिक स्वास्थ्य देखभाल तक लोगों की पहुंच का विस्तार करें, मानसिक स्वास्थ्य के मूल कारणों को संबोधित करें और जांच-इलाज के महत्व को पहचानें।
विज्ञापन

3 of 4
मानसिक तनाव आत्महत्या का कारक - फोटो : Pixabay
आत्महत्या के हो सकते हैं कई कारण

विशेषज्ञ कहते हैं, आत्महत्या के मामलों में वृद्धि कई कारणों से हो सकती है, जिनमें अवसाद की उच्चदर और मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं की सीमित उपलब्धता को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

हालांकि अमेरिकन फाउंडेशन फॉर सुसाइड प्रिवेंशन में अनुसंधान के प्रमुख जिल हरकवी-फ्राइडमैन कहते हैं, आत्महत्या के बढ़ने का एक मुख्य कारण लोगों तक बंदूकों की बढ़ती उपलब्धता भी है। हाल ही में जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय के भी विश्लेषण में बताया गया कि देश में बंदूक से की गई आत्महत्या की दर पिछले साल अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है।
विज्ञापन

4 of 4
तनाव प्रबंधन पर ध्यान देने की आवश्यकता - फोटो : Pixabay
क्या कहते हैं सीडीसी विशेषज्ञ?

सीडीसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डेबरा हाउरी कहते हैं,  मध्यम आयु वर्ग के और बुजुर्ग लोग नौकरी खोने या जीवनसाथी की मृत्यु जैसी स्थितियों के कारण गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का अनुभव करते हैं। ऐसे लोगों तक मानसिक स्वास्थ्य देखभाल की पहुंच भी काफी कम देखी जा रही है।

हालांकि इन आंकड़ों के बीच अच्छी बात ये है कि साल 2022 में 10 से 24 वर्ष की आयु के लोगों में आत्महत्या में 8 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। ऐसा युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों पर बढ़ते ध्यान और स्कूलों और अन्य लोगों द्वारा समस्या पर ध्यान केंद्रित करने के कारण हो सकता है। हमें सभी आयु वर्ग के लोगों तक इस पहुंच को सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।



--------------
स्रोत और संदर्भ
Suicide Data and Statistics

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें