माइग्रेन, सिरदर्द की समस्या है जो आपमें कई प्रकार की जटिलताओं का कारण बन सकती है। माइग्रेन को साइकोसोमेटिक डिसऑर्डर के रूप में भी जाना जाता है जिसका मतलब है कि यह मानसिक स्वास्थ्य समस्या के कारण होने वाली शारीरिक लक्षण भी हो सकती है। सामान्य सिरदर्द से अलग, माइग्रेन की समस्या में सिर के एक तरफ तेज दर्द, मतली-उल्टी और प्रकाश-ध्वनि के प्रति अति संवेदनशीलता का अनुभव हो सकता है।
माइग्रेन की समस्या तो वैसे काफी कॉमन है, पर अध्ययनकर्ताओं ने पाया अगर समय रहते इसका सही इलाज न कराया जाए तो सिरदर्द की ये सामान्य सी समस्या गंभीर रोगों को बढ़ाने वाली भी हो सकती है।
माइग्रेन के कारण किस प्रकार के स्वास्थ्य जोखिम हो सकते हैं, इस बारे में समझने के लिए किए गए एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बड़ा दावा किया है।
हार्वर्ड हेल्थ की रिपोर्ट में वैज्ञानिकों ने बताया कि माइग्रेन रोगियों में कार्डियोवैस्कुलर स्वास्थ्य की समस्या होने का जोखिम अधिक हो सकता है। अगर आप भी माइग्रेन के शिकार हैं तो इसके जोखिमों को लेकर अलर्ट रहने की आवश्यकता है।