सोशल मीडिया हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। लोगों से जोड़े रखने, अपनी भावनाओं को व्यक्त करने और समाज में चल ही चीजों को जानने के लिए यह सबसे प्रमुख साधन माना जाता है। पर इसका गलत तरीके से इस्तेमाल करना आपके लिए गंभीर दुष्प्रभावों वाला, यहां तक कि जानलेवा भी हो सकता है।
ऐसा ही एक हालिया मामला इन दिनों सुर्खियों में है जहां एक व्यक्ति ने दांत के दर्द के लिए यूट्यूब वीडियो में बताई गई औषधि का बहुत अधिक मात्रा में इस्तेमाल कर लिया जिससे उसकी मौत हो गई।
मामला झारखंड का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अजय महतो नाम के व्यक्ति ने दांत दर्द के उपाय के बारे में सर्च किया, एक वीडियो में बताए गए उपायों के आधार पर उसने कथित तौर पर बहुत अधिक मात्रा में कनेर (ओलियंडर) के बीज खा लिए जिससे उसकी मौत हो गई। ओलियंडर के बीज खाने के बाद महतो की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु की पुष्टि हुई।