फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Covid Study: कम हो गया संक्रमण पर अब भी नहीं गए इसके दुष्प्रभाव, एक साल बाद भी देखी जा रही हैं ये दिक्कतें

Fri, 16 Jun 2023 01:51 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
कोरोना के दुष्प्रभाव - फोटो : Pixabay
कोरोना संक्रमण ने वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को गंभीर रूप से प्रभावित किया। बड़ी संख्या में लोग संक्रमण की चपेट में आए जिनमें से कुछ लोगों में गंभीर रोगों के मामले भी देखे गए। महामारी लाखों लोगों की मौत का भी कारण बनी। वर्तमान में दुनियाभर में संक्रमण की रफ्तार काफी कंट्रोल में है, हालांकि अब भी लॉन्ग कोविड की समस्या स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। 

एक हालिया अध्ययन में वैज्ञानिकों की टीम ने बताया कि भले ही कोरोना को लेकर माहौल अब काफी शांत है पर संक्रमित रह चुके लोगों में लॉन्ग कोविड के कई लक्षण एक साल बाद तक भी परेशानी का कारण बने हुए हैं। कोविड के चपेट में आए लाखों अमेरिकी लोग अब भी इससे पूरी तरह से उबर नहीं पाए हैं। बड़ी संख्या में लोगों में पोस्ट कोविड सिंड्रोम के कारण स्वाद-गंध न आने की समस्या देखी जा रही है। 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 4
गंध न आने की समस्या - फोटो : istock
अब भी बनी हुई है गंध या स्वाद में कमी 

द लेरिंजोस्कोप जर्नल में छपी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कोविड की दूसरी-तीसरी लहर के दौरान संक्रमण की चपेट में आए लाखों अमेरिकी अभी भी स्वाद या गंध न आने की समस्या से परेशान हैं। साल 2021 में लगभग 36 मिलियन (3.6 करोड़) लोगों में पोस्ट कोविड की समस्याओं का निदान किया गया था, जिनमें से 60% में गंध या स्वाद में कमी की शिकायत थी।

अध्ययन में कहा गया है कि अधिकांश लोगों में समय के साथ ये लक्षण ठीक हो गए हैं, लेकिन लगभग 24% लोग ऐसे हैं जिनमें अभी भी ये दिक्कतें बनी हुई हैं। 
विज्ञापन

3 of 4
स्वाद और गंध न आने की समस्या - फोटो : iStock
तीन फीसदी लोगों में कोई भी रिकवरी नहीं

अध्ययन की रिपोर्ट के मुताबिक पोस्ट कोविड की समस्या वाले करीब 3%  लोग ऐसे भी हैं जिनमें अभी तक कोई भी रिकवरी नहीं हुई। 

शोधकर्ताओं ने 2021 में कोविड-19 से पीड़ित 30,000 वयस्कों के डेटा का अध्ययन किया। इसके अनुसार जिन रोगियों में संक्रमण के अधिक गंभीर लक्षण थे, उनके पोस्ट कोविड समस्याओं के ठीक होने की संभावना कम देखी जा रही है या फिर ऐसे लोगों में रिकवरी का समय अधिक है। कुछ रोगियों ने बताया कि उन्हें भूख कम लगती है क्योंकि वे भोजन को सूंघ नहीं सकते। कई रोगियों ने कहा कि अब भी उन्हें गैस-धूम्रपान, खराब भोजन को सूंघने में दिक्कत हो रही है। 
विज्ञापन

4 of 4
पोस्ट कोविड की समस्याओं के मामले - फोटो : Pixabay
क्या कहते हैं अध्ययनकर्ता?

अध्ययन के लेखकों में से एक और ओटोलरींगोलोजी के प्रोफेसर नील भट्टाचार्य कहते हैं, बहुत से लोग एक साल या इससे अधिक समय बीत जाने के बाद भी अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं। अनुमान है कि 6 मिलियन लोगों में अभी भी पोस्ट कोविड के कई लक्षण बने हुए हैं। यदि आप अपनी गंध की क्षमता खो चुके हैं, तो क्या आप इसे वापस प्राप्त कर चुके हैं? चार में से एक में इसके कभी न ठीक हो पाने की आशंका देखी जा रही है। 

प्रो. भट्टाचार्य कहते हैं, अगर आपमें भी पोस्ट कोविड के कोई भी लक्षण हैं, तो अपने डॉक्टर को जरूर देखना चाहिए। लंबे समय तक रहने वाले कई लक्षणों पर अगर समय रहते ध्यान न दिया गया तो संभव है कि ये कभी ठीक ही न हों। ये गंभीर दुष्प्रभाव हैं जिसको लेकर हम सभी को अलर्ट रहने की आवश्यकता है। 



----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें