फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Health Tips: बीमार हैं या गर्भावस्था में कर रही हैं करवाचौथ का व्रत? इन बातों का रखें ध्यान

Thu, 13 Oct 2022 12:35 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 4
गर्भावस्था में करवाचौथ व्रत करते समय रखें सावधानी - फोटो : amar ujala
आज करवाचौथ है, पति की लंबी आयु के लिए महिलाएं यह व्रत करती हैं। अन्य व्रत की तुलना में करवाचौथ का व्रत कठिन होता है, इसमें पूरे दिन पानी भी नहीं पीना होता। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, यदि आप किसी प्रकार की क्रोनिक बीमारी की शिकार हैं या गर्भवती हैं तो अपने डॉक्टर की सलाह पर ही व्रत का फैसला करें। पूरे दिन पानी न पीना या कुछ न खाने से आपकी सेहत बिगड़ने का जोखिम हो सकता है। डॉक्टर्स कहते हैं, गर्भावस्था में सुरक्षात्मक दृष्टि से व्रत न करने की सलाह दी जाती है, फिर भी यदि आप व्रत कर रही हैं तो फलाहार करें। ज्यादा देर खाली पेट रहना आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।

डॉक्टर्स कहते हैं, चूंकि भ्रूण को अपनी मां से पोषण मिलता है, इसलिए गर्भवती महिलाओं को पूरे दिन पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहने और पोषक तत्वों से भरपूर आहार का सेवन करने की सलाह दी जाती है। गर्भवती को हर दो से तीन घंटे में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में आहार लेते रहने की आवश्यकता होती है। इसके अलावा यदि आप किसी बीमारी के शिकार हैं और दवाइयां खा रही हैं तो भी आपको समय-समय पर कुछ खाते रहना चाहिए। ऐसे लोगों को व्रत न रखने की सलाह दी जाती है।

यदि आप फिर भी व्रत कर रही हैं तो कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना अति आवश्यक हो जाता है। आइए इस बारे में जानते हैं।
विज्ञापन

2 of 4
व्रत रखने के दौरान बरते सावधानियां - फोटो : istock
निर्जला व्रत न करें

गर्भावस्था या किसी बीमारी में यदि आप करवाचौथ का व्रत कर रही हैं तो बिना पानी पिए व्रत न करें, फलाहार का सेवन करें। थोड़े-थोड़े अंतराल पर पौष्टिक आहार और फलों का सेवन करती रहें जिससे शरीर स्वस्थ रहे और भ्रूण को पर्याप्त मात्रा में पोषण प्राप्त होता रह सके। बहुत समय खाली पेट रहने से पाचन तंत्र की समस्याओं का खतरा रहता है। फलाहार का सेवन करते रहने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व प्राप्त होते रहते हैं।
विज्ञापन

3 of 4
शरीर के हाइड्रेशन का रखें ख्याल - फोटो : istock
शरीर के हाइड्रेशन का ध्यान रखें

व्रत के दौरान शरीर में पानी की कमी न होने पाए इस बात का पूरा ख्याल रखें। शरीर में पानी की कमी के कारण गर्भवती और भ्रूण दोनों की सेहत प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा सभी लोगों को समय-समय पर पानी पीते रहने की सलाह दी जाती है। शरीर में डिहाइड्रेशन के कारण ब्लड प्रेशर लो होने का जोखिम हो सकता है। आप चाहें तो तरल पदार्थों के लिए फलों के जूस या नारियल पानी का सेवन कर सकती हैं।
विज्ञापन

4 of 4
शरीर के आराम का रखें ख्याल - फोटो : istock
शरीर को दें पूरा आराम

व्रत के दौरान शरीर को आराम देना बहुत आवश्यक माना जाता है। शरीर में ऊर्जा के स्तर को बनाए रखने के लिए आराम करें, रात की नींद अच्छी लें जिससे किसी भी प्रकार के दुष्प्रभावों के जोखिम को कम किया जा सके। व्रत के दौरान ज्यादा कॉफी या चाय पीने से बचें इससे डिहाइड्रेशन होने का खतरा हो सकता है। यदि आपको कमजोरी, गंभीर थकान या चक्कर आने जैसा महसूस हो रहा है तो इसे मेडिकल इमरजेंसी समझते हुए तुरंत किसी डॉक्टर से सलाह दें।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं के शिकार लोगों को बिना अपने डॉक्टर के सलाह के व्रत नहीं करना चाहिए।



--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें